शाहजहांपुर: छंटनी के खिलाफ बिजली संविदा कर्मचारियों का एसई कार्यालय पर प्रदर्शन
शाहजहांपुर, अमृत विचार। विद्युत संविदा कर्मचारियों की छंटनी किए जाने का विरोध शुरू हो गया है। सोमवार को विद्युत संविदा मजदूर संगठन के बैनर तले संविदा कर्मचारियों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि यदि छंटनी किए गए कर्मचारियों को काम पर वापस नहीं लिया तो 4 फरवरी से मंडल के पांचों जिलों में पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार कर दिया जाएगा। इस संबंध में कर्मचारियों ने विद्युत वितरण मंडल प्रथम व द्वितीय के मुख्य अभियंता को संबोधित ज्ञापन एसई जेपी वर्मा को सौंपा।
विद्युत संविदा कर्मचारी सोमवार सुबह करीब 11 बजे संगठन के प्रदेश अध्यक्ष नवल किशोर सक्सेना के नेतृत्व में भारी संख्या में अधीक्षण अभियंता कार्यालय परिसर में इकट्ठा हुए। यहां पर कर्मचारी छंटनी का विरोध करते हुए धरने पर बैठ गए। इस दौरान कर्मचारियों ने कहा कि डिवीजन स्तर पर हटाए गए संविदा कर्मियों के लिए जो लिस्ट जारी की गई है, वह मनमानी और त्रुटिपूर्ण है क्योंकि विभाग में पिछले पांच वर्ष व 10 वर्षों से काम करने वाले कर्मचारियों को मनमाने तरीके से निकाला जा रहा है, जो कि अनुचित व अन्यायपूर्ण है। एक फरवरी को संगठन के पदाधिकारी के साथ अधीक्षण अभियंता व अधिशासी अभियंता से वार्ता में तय हुआ कि छंटनी लिस्ट मानक के अनुसार बनाई जाएगी लेकिन विभाग के अधिकारियों ने अपने चहेतों के नाम लिस्ट में अंकित करके लिस्ट जारी कर दी, जैसे ड्राइवर, कंप्यूटर ऑपरेटर, ठेकेदार व विभाग में जिनके ठेके चल रहे हैं, आदि जो न तो लाइन पर जाते हैं और न ही कंट्रोल रूम में काम करते हैं।
कर्मचारियों ने कहा कि पूर्व में कार्यदायी संस्था बेसिल कंपनी के अंतर्गत कार्य करने वाले सभी संविदा कर्मियों को वापस कार्य पर लिया जाए, अन्यथा की स्थिति में विद्युत संविदा मजदूर संगठन के बैनर तले छंटनी के विरोध में चार फरवरी से बरेली मंडल के पांच जिले शाहजहांपुर, बरेली, पीलीभीत, बदायूं में पूर्णता कार्य बहिष्कार किया जाएगा। शाम चार बजे तक धरना प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने विद्युत वितरण मंडल प्रथम व द्वितीय के मुख्य अभियंता को संबोधित ज्ञापन अधीक्षण अभियंता जेपी वर्मा को सौंपा। इसके अलावा अन्य अधिकारियों को ज्ञापन भेजा गया। धरना प्रदर्शन के दौरान अशोक कुमार पाल, विवेक सक्सेना, राजेश कुमार,दीपक श्रीवास्तव, शकील अहमद, अशोक सक्सेना, रतनलाल, शिव कुमार आदि तमाम संविदा कर्मचारी शामिल रहे।
एक साथ निकाले गए 314 संविदा कर्मी, इसलिए भड़का गुस्सा
संगठन के जिलाध्यक्ष मुनीशपाल ने बताया कि डिवीजन प्रथम में आने वाले निगोही, सिंधौली, सुहेली, गंगसरा, जलालाबाद, कांट, आवास विकास आदि और डिवीजन द्वितीय में आने वाले बहादुरगंज, दीवानाजोगराज, सिटी पार्क, अब्दुल्लागंज, हथौड़ा, निगोही रोड आदि उपकेंद्रों में कार्यरत 314 संविदा कर्मचारियों को भेदभाव पूर्ण तरीके से निकाल दिया गया है। इन कर्मचारियों की जब तक वापसी नहीं हो जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। चार फरवरी को पूरे बरेली मंडल में कार्यबहिष्कार किया जाएगा।
