प्रदेश में Kanpur कमिश्नरेट को IGRS रैकिंग में मिला प्रथम स्थान: 125 में से 125 अंक किये प्राप्त
कानपुर, अमृत विचार। आईजीआरएस की शिकायतों के निस्तारण में कानपुर जोन पुलिस ने एक बार फिर पहला स्थान प्राप्त कर बाजी मारी है। वहीं कमिश्नरेट पुलिस को भी पहला स्थान मिला है। शासन की तरफ से मंगलवार को रैंकिंग जारी की गई जिसमें कानपुर पुलिस 73वीं रैंक से पहले स्थान पर पहुंच गई।
दिसंबर 2024 की रैंकिंग 73 वें स्थान पर थी वहीं नवंबर में 50 वें पायदान पर अटक गई थी। लेकिन इस बार रैंकिंग में कमिश्नरेट के 52 थानों ने अच्छा प्रदर्शन कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं बिधनू थाना शिकायतों के निस्तारण में फिसड्डी रहा। रैंकिंग में आईजीआएस से जनशिकायतों के निस्तारण के मामले में कानपुर जोन ने प्रथम स्थान पाया है।
कानपुर जोन के कानपुर देहात, इटावा, औरेया, फतेहगढ़, कन्नौज, झांसी, जालौन व ललितपुर को प्रदेश स्तर पर प्रथम रैंक प्राप्त हुई। वहीं जोन के कुल 139 थानों में से 133 थानों ने प्रथम रैंक प्राप्त किया। वहीं, कमिश्नरेट के 53 में से 52 थानों ने प्रथम स्थान हासिल किया।
इस संबंध में अपर पुलिस आयक्त कानून एवं व्यवस्था हरीश चंदर के अनुसार आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों की जांच आख्या पर जनता से फीडबैक लिया जा रहा है। इसके लिए एक फीडबैक सेल का गठन किया गया। जो शिकायत निस्तारण के दौरान का फीडबैक उच्चाधिकारियों तक पहुंचाता है, और उसके अनुसार आगे की कार्रवाई होती है।
