Lucknow News : बिजली कटने से बौखलाए पड़ोसियों ने महिला से की ओछी हरकत... थाने में दी शिकायत, नहीं दर्ज हुई प्राथमिकी
अमृत विचार, लखनऊ : दुबग्गा थाना अंतर्गत एक कॉलोनी में बिजली कटने से बौखलाए पड़ोसियों ने घर में घुसकर एक महिला से मारपीट की। इसके बाद आरोपितों ने महिला से अश्लील हरकत कर उसका ब्लाउज फाड़ दिया। हंगामा बढ़ने पर पड़ोसी महिला और परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। बुधवार को महिला ने पड़ोसियों के खिलाफ स्थानीय थाने में लिखित शिकायत देते हुए कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
दुबग्गा थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला (35) ने विशेष समुदाये के पड़ोसियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने बताया कि वह अपने बच्चों को लेकर पति से अलग रहती है। घर में किराने की दुकान डालकर वह परिवार का जीवन व्यापन करती है। लिखित शिकायत में महिला का कहना है कि मंगलवार को लेसा टीम ने पड़ोसियों के घर की बिजली काट दी थी। इस पर पड़ोसियों को शक था कि उसके कहने पर लेसा टीम ने उनके घर की बिजली काट दी। जिसको लेकर पड़ोसी उससे गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर आरोपित घर में घुस आये। जिसके बाद आरोपित लात-घूंसों से महिला को पीटने लगे। महिला का आरोप है कि चीखने-चिल्लाने पर आरोपितों ने उसका ब्लाऊज फाड़ दिया। पड़ोसियों के हस्ताक्षेप पर आरोपित महिला को धमकी देते हुए घटनास्थल से भाग निकले। महिला का कहना है कि उसके पास पड़ोसियों के खिलाफ सभी साक्ष्य महफूज है। बावजूद इसके पुलिस ने अब तक कोई भी कार्रवाई नहीं की है। दुबग्गा प्रभारी निरीक्षक अभिनव वर्मा ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। जांच में मिले तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी।
यह भी पढ़ें- Gonda News : रेशम अधिकारी को डिजिटल अरेस्ट कर वसूले 78.80 लाख रुपये
