Bareilly:बिना रॉयल्टी यूपी में घुस रहे ओवरलोड ट्रक व डंपर, मुख्यमंत्री तक पहुंची शिकायत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। उत्तराखंड की सीमा से होने वाले रेत-बजरी के अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग को लेकर फिर हलचल तेज हो गई है। मामले की शिकायत साक्ष्यों के साथ मुख्यमंत्री को पत्र लिख की गई है। बिथरी चैनपुर के गांव अहिलादपुर निवासी आदेश पांडेय और अन्य ट्रांसपोर्टस का आरोप है कि बाजपुर और हल्द्वानी से आने वाले ओवरलोड डंपर बेखौफ होकर उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश कर रहे हैं। इस अवैध कारोबार के कारण न केवल सड़कों की हालत खस्ता हो रही है, बल्कि आए दिन भीषण सड़क हादसों का खतरा भी बना रहता है।

शिकायत में सीधे तौर पर खनन और परिवहन विभाग के अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से यह सिंडिकेट लंबे चल रहा है, जो बिना उचित खनन शुल्क दिए राज्य में प्रवेश कर रहे हैं। इससे सरकार को राजस्व का भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि इसी वर्ष जनवरी में बहेड़ी क्षेत्र के नैनीताल रोड पर खनन माफियाओं के दुस्साहस की एक बड़ी घटना सामने आई थी।

तब जांच करने गई खनन विभाग और पुलिस की टीम पर माफियाओं ने ओवरलोड ट्रक चढ़ाने की कोशिश की थी, जिसमें एक सब-इंस्पेक्टर घायल हुए थे। उस समय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 37 वाहनों को जब्त कर 24 लोगों को गिरफ्तार किया था। एसोसिएशन का कहना है कि प्रशासन को बार-बार आगाह करने के बावजूद 395 क्विंटल की क्षमता वाले ट्रकों में 700 क्विंटल तक माल ढोया जा रहा है। यह स्थिति उन कारोबारियों के लिए जी का जंजाल बन गई है जो ईमानदारी से नंबर एक में व्यापार कर रहे हैं।

 एआरटीओ प्रवर्तन वैभव सोती ने बताया कि ओवरलोडिंग को लेकर जिले की सीमाओं पर संयुक्त टीमें कार्रवाई कर रही है। कुछ दिन पहले भी बहेड़ी में कई वाहन सीज किए गए थे। ऐसे वाहनों पर शिकंजा कसने के लिए शासन से भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

संबंधित समाचार