यूपी में बदली मत्स्य विभाग की ACR व्यवस्था : शासन ने जारी किया नया आदेश, रिपोर्टिंग से लेकर स्वीकृति तक बदली जिम्मेदारियां
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश सरकार ने मत्स्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि (एसीआर) व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। इस संबंध में शासन स्तर से संशोधित आदेश जारी कर दिया गया है, जिसके तहत अब एसीआर के आकलन, समीक्षा और स्वीकृति की जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण परिवर्तन किए गए हैं।
अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम द्वारा शुक्रवार को जारी आदेश के अनुसार, पूर्व में लागू व्यवस्था में संशोधन करते हुए विभिन्न पदों के लिए रिपोर्टिंग, समीक्षा और स्वीकृति अधिकारी बदले गए हैं। नई व्यवस्था में महानिदेशक, निदेशक, संयुक्त निदेशक और उप निदेशक स्तर तक की एसीआर प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित और जवाबदेह बनाया गया है।
शासन स्तर पर यह महसूस किया गया कि पूर्व व्यवस्था में समन्वय की कमी और प्रक्रियात्मक अस्पष्टता के कारण मूल्यांकन प्रणाली पूरी तरह प्रभावी नहीं हो पा रही थी। नई व्यवस्था से पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद है।
आदेश की प्रति प्रमुख सचिव, कृषि उत्पादन आयुक्त, सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों तथा विभागीय अधिकारियों को भेज दी गई है, ताकि नई व्यवस्था का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके। नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब अधिकारियों के कार्य मूल्यांकन में अधिक स्पष्टता आएगी और विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार होने की संभावना जताई जा रही है।
