Avanish Dixit के साथी हरेंद्र मसीह की करोड़ों की संपत्ति जब्त करने का पुलिस कमिश्नर ने आदेश किया जारी: जल्द शुरू होगी कार्रवाई
कानपुर, अमृत विचार। मैरी एंड मेरीमैन कंपाउंड जमीन पर कब्जे के प्रयास में जेल में बंद मास्टरमाइंड हरेंद्र मसीह की अपराध से अर्जित की गई संपत्तियों को जब्त करने के आदेश पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने बुधवार रात दे दिए हैं। पुलिस जल्द ही गैंगस्टर एक्ट के तहत उसकी और अवनीश दीक्षित की संपत्ति जब्त करेगी।
सिविल लाइंस स्थित नजूल की 1000 हजार करोड़ रुपये कीमत की जमीन कब्जाने के प्रयास में प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अवनीश दीक्षित ने अपने साथियों के साथ कब्जे का प्रयास किया था।
इस मामले में पिछले साल 28 जुलाई को लेखपाल विपिन कुमार ने नजूल की जमीन पर कब्जेदारी का आरोप लगाते हुए अवनीश दीक्षित समेत 13 लोगों को नामजद व 20 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसी मामले में सैमुअल गुरुदेव की ओर से भी 12 लोगों को नामजद करते हुए गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
इस मामले के बाद अवनीश व उसके साथियों के खिलाफ जिलेभर के विभिन्न थानाक्षेत्रों में डेढ़ दर्जन से अधिक रिपोर्ट दर्ज हुई। इसके बाद अवनीश का गैंग पहले इंटर रैंज गैंग के रूप में पंजीकृत किया गया। जिसमें अवनीश को गैंग लीडर बताते हुए 16 पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई थी।
इसके बाद गैंग के सदस्यों की संपत्तियां चिंहित कर उसकी फाइल पुलिस कमिश्नर कोर्ट में भेजी गई थी। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार की कोर्ट ने बुधवार को अवनीश के साथी हरेंद्र मसीह की सात करोड़ सात लाख रुपये कीमत की संपत्तियों को कुर्क करने के आदेश दिए हैं।
जिसकी बाजारू कीमत 11 करोड़ 19 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस टीम जल्द ही हरेंद्र मसीह और अवनीश दीक्षित की भी 3.25 करोड़ जब्त करेगी।
