Kanpur News : 139.38 करोड़ से पाइप पड़ना शुरू, एक साल में मिलेगा पानी
Kanpur, Amrit Vichar : जेएनएनयूआरएम योजना के तहत शहर में पड़ी घटिया पेयजल लाइनों के फटने का सिलसिला जल्द खत्म होगा। यूपी जल निगम (नगरीय) कानपुर नगर की जर्जर पेयजल लाइन को दुरुस्त करने के लिये एमएस पाईप बिछाने का कार्य गुरुवार को शुरू हो गया। 15वें वित्त आयोग के तहत बने 139.38 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का शिलान्यास महापौर प्रमिला पांडेय ने किया। इसके तहत कंपनी बाग चौराहे से दक्षिण में बारादेवी गेट तक और कंपनी बाग से फूलबाग उद्यान तक मौजूदा जीआरपी फीडरमेन पाइपलाइन के समानांतर एमएस सॉ फीडरमेन पाइप बिछाई जाएगी।
जवाहर लाल नेहरू नेशनल अरबन रिनुअल मिशन (जेएनएनयूआरएम) की जलापूर्ति परियोजना के तहत जल निगम ने 12 साल पहले कंपनीबाग चौराहे से शहरी क्षेत्र में फूलबाग में बने इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन (आईपीएस) तक और कंपनीबाग चौराहे से दक्षिण क्षेत्र के लिये वीआईपी रोड, रावतपुर गुटैया क्रॉसिंग, डबल पुलिया, विजयनगर चौराहा, शास्त्रीचौक होते हुये सचान चौराहा, दीप टाकीज तिराहा होते हुए जूही गोशाला चौराहे तक मुख्य पाइपलाइन बिछवाई गई थी।
लेकिन, घटिया पाइप लाइन की वजह से आज तक 350 से ज्यादा स्थानों पर मुख्य पाइपलाइन टूट चुकी है। लोगों के घर तक पानी नहीं पहुंचा जिसके बाद जांच कमेटी ने भी पाइपलाइन बदलने की संस्तुति की थी। जल निगम ने 2023 में समस्या से निजात पाने के लिये 139.38 करोड़ रुपये से एमएस पाइप डालने का प्रस्ताव तैयार किया था। शासन से अमृत 2.0 परियोजना के तहत धन देने से इन्कार करने के बाद पिछले वर्ष नगर निगम सदन ने मुख्य पाइपलाइन को बदलवाने का फैसला लिया था।
कंपनी बाग के पास एमरॉल्ड के सामने हुआ पूजन
गुरुवार को महापौर प्रमिला पांडेय ने विधायक सुरेंद्र मैथानी, नीलिमा कटियार, पार्षद समेत नगर निगम, जलकल और जलनिगम के अधिकारियों के साथ कंपनी बाग के पास एमरॉल्ड के सामने पूजन कर कार्य का शिलान्यास किया।
यह भी पढ़ें- Barabanki News : मार्केट में आया TATA का नकली नमक और चाट मसाले...गड़बड़ी मिलने पर गोदाम सील
