Lucknow News : अंधविश्वास में पड़ पति-पत्नी ने की थी छात्रा की हत्या
लखनऊ, अमृत विचार : दुबग्गा के बरावनखुर्द की आठ वर्षीया छात्रा की हत्या अंधविश्वास में पड़े पति-पत्नी ने मिलकर की थी। इस मामले का खुलासा पुलिस ने बुधवार देर रात पत्नी जुगनू को गिरफ्तार कर किया। पत्नी ने कहा कि हत्या सोनू ने जिन्नाद के कहने पर बलि देने के लिए किया था। वह अक्सर सोनू के सिर पर आ जाता था। उसके कहने पर कई बार उस पर भी हमला कर देता था। छात्रा के शव मिलने वाले दिन पुलिस ने पूछताछ के बुलाया था। वहां से वापस जाने के बाद सोनू ने उसे भी मारने का प्रयास किया। इसके बाद देर रात को खुद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने जुगनू को जेल भेज दिया।
दुबग्गा के बरावनखुर्द की आठ वर्षीया छात्रा 23 जनवरी को सब्जी बेचने के लिए निकली थी। उसे गांव का ही सोनू पंडित मिला। सोनू ने अपने घर सब्जी पहुंचाने को कहा। छात्रा उसके घर के अंदर गई तो जुगनू ने सब्जी लेने से मना किया। इस पर वहां मौजूद सोनू ने छात्रा को चाय पिलाने के लिए कहा। चाय पीते ही वह बेसुध हो गई। रात करीब 12 से एक बजे के बीच में पूजा किया। पुलिस ने घर के अंदर से तीन गेंदे के फूल बरामद किये। जिसमें नौ लौंग लगे थे और सिंदूर से टीके गये थे। वहीं छात्रा के गले में काले रंग के धागे की तीन माला पहना दी थी। इसके बाद सोनू ने बलि देने के लिए छात्रा का गला घोंटा और जुगनू ने मुंह दबा दिया। ताकि उसकी चीख बाहर न निकले। चंगुल से छूटने के प्रयास में छात्रा का सिर फर्श पर तेजी से टकरा गया। जिससे उसकी मौत हो गई।
रात में ही बॉक्स में रख दिया था शव
डीसीपी पश्चिमी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि पूछताछ में जुगनू ने कुबूल किया कि छात्रा की मौत के बाद सोनू ने फर्श पर फैले खून को लाल टी-शर्ट से साफ किया। जिसे छात्रा को पहना दिया था। उसके हाथ-पैर बांधकर बिसाता सामान रखने वाले शीशे के बॉक्स में रख दिया। शव को छिपाने के लिए चारों तरफ से पेपर लगा दिया था। सुबह सात बजे साइकिल पर छात्रा का शव लेकर सैरपुर नाले में फेंक दिया। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गये तो उसमें सोनू साइकिल से 24 जनवरी को जाता हुआ दिखा।
गले में मिले माला से हुआ था संदेह
इंस्पेक्टर दुबग्गा अभिनव कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगालने के दौरान सोनू के घर में छात्रा के जाने की बात सामने आई। इस आधार पर उसे 28 जनवरी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था। इस दौरान उसके मोबाइल पर कई आपत्तिजनक वीडियो और मैसेज मिले। इसमें कुछ मैसेज डिलीट किये गये थे। पर, पुलिस ने जब रिकवर किया तो एक में संदेह के घेरे में आने और मोबाइल सर्विलांस पर लगने की बात लिखी मिली।
चूड़ी का डिब्बा बांधने वाली रस्सी ने खोला राज
डीसीपी पश्चिमी विश्वजीत श्रीवास्तव के मुताबिक हत्या सोनू ने की इसका खुलासा चूड़ी का डिब्बा बांधने वाली रस्सी ने किया। छात्रा को जिस रस्सी से बांधा गया था, उसका एक हिस्सा सोनू की साइकिल में बंधा मिला। इस बारे में पूछताछ करने पर सोनू की पत्नी जुगनू ने पुलिस को गुमराह किया। बताया कि पति को तांत्रिक बाबा की मदद से जिन्नाद मिल गया था। जो हमारे साथ हमेशा रहता था। उससे सोनू अक्सर बात करता था। उसी को खुश करने के लिए छात्रा की हत्या की।
यह भी पढ़ें-Kanpur News : दोबारा अतिक्रमण हुआ तो जोनल अधिकारी होंगे जिम्मेदार
