मुरादाबाद : 101 बड़े बकाएदार दबाए बैठे हैं नगर निगम का 32.23 करोड़ से अधिक का टैक्स

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

निगम प्रशासन ने जारी की महानगर के सभी बड़े बकायेदारों की सूची

मुरादाबाद, अमृत विचार। नगर निगम प्रशासन को शासन से मिले गृहकर व जलकर के टैक्स का लक्ष्य हासिल करने में पसीने छूट रहे हैं। अभी तक आधा लक्ष्य हासिल होने से थक हार कर निगम प्रशासन ने बड़े बकायेदारों की सूची प्रकाशित कर दी है। इस सूची में शामिल 101 बड़े बकायेदारों पर टैक्स का 32.23 करोड़ से अधिक का बकाया है। इन बकायेदार रसूखदारों में रामगंगा विहार के मिडटाउन हॉस्टल एंड बैंक्वेट हाल की रजनी जैन और मानसरोवर पैराडाइज क्लब के ऋषि छाबड़ा सबसे दो प्रमुख बड़े बकायेदार हैं।

नगर निगम को शासन से 66.67 करोड़ रुपये का टैक्स वसूली का लक्ष्य मिला है। इसकी वसूली करने में निगम प्रशासन को 10 महीने से अधिक का समय इस वित्तीय वर्ष का बीत गया है लेकिन, अभी लगभग 60 प्रतिशत ही वसूली हो पाई है। ऐसे में 31 मार्च तक वित्तीय वर्ष के आखिरी दिनों के करीब आते ही शासन स्तर पर निदेशालय में बैठे अधिकारी नगर निगम के अधिकारियों की लचर कार्यशैली को कटघरे में खड़ा कर हर हाल में शत प्रतिशत वसूली कराने का निर्देश दे रहे हैं। अब मुश्किल यह है कि फरवरी के बचे 22 दिन और मार्च में करीब 30 करोड़ रुपये की वसूली होने पर संशय देख निगम प्रशासन ने अपने तेवर सख्त कर 101 बड़े बकायेदारों का नाम सार्वजनिक कर दिया है। इन पर टैक्स का कुल 32 करोड़, 23 लाख, 96 हजार 681 रुपये का बकाया है।

इनकी सूची को नगर निगम के द्वारा 28 स्थानों पर लगे डिजिटल स्क्रीन पर भी फ्लैश करने का निर्देश अधिकारियों ने दे दिया। जिससे नाम सार्वजनिक होने के बाद शायद बड़े बकायेदार अपनी प्रतिष्ठा बचाने के लिए टैक्स की धनराशि जमा कर दें जिससे नगर निगम का खजाना भर जाए और टैक्स वसूली का लक्ष्य हासिल हो जाए।

अपर नगर आयुक्त प्रथम अतुल कुमार का कहना है कि नगर आयुक्त के निर्देश पर बड़े बकायेदारों की सूची सार्वजनिक कर दी गई है। सूची में शामिल नाम व उनके बकाया को महानगर में नगर निगम की ओर से लगाए गए 28 डिजिटल स्क्रीन पर भी प्रदर्शित कराया जा रहा है। लोगों से अपील है कि वह अपना बकाया टैक्स हर हाल में जल्द जमा कर दें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 31 मार्च को टैक्स जमा करने की अंतिम तिथि है।

संबंधित समाचार