DL में सुधार.... परिवहन विभाग ने गलत जन्मतिथि सुधारने की सुविधा शुरू की, जानें पूरी प्रक्रिया
लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश में अब ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) में गलत दर्ज जन्मतिथि को आसानी से सुधारा जा सकेगा। परिवहन विभाग ने इसके लिए नई व्यवस्था लागू करते हुए संशोधन की प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया है।
विभाग के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति के डीएल या आधार कार्ड में जन्मतिथि गलत दर्ज है, तो वह अब निर्धारित प्रक्रिया के तहत संशोधन करा सकता है। इसके लिए आवेदक को तीन मान्य दस्तावेजों में से किसी एक को प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही जन्मतिथि में बदलाव किया जाएगा।
यह सुविधा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट Sarathi Parivahan Portal पर उपलब्ध कराई गई है, जहां आवेदक घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
गौरतलब है कि प्रदेश में लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस पहले से ही ऑनलाइन बन रहा है, जबकि स्थायी लाइसेंस के लिए अभी भी एआरटीओ कार्यालय जाकर ड्राइविंग टेस्ट, डिजिटल हस्ताक्षर और फोटो की प्रक्रिया पूरी करनी होती है।
