लखीमपुर खीरी: दिल्ली और मिल्कीपुर की जीत पर भाजपाइयों ने मनाया जश्न

लखीमपुर खीरी: दिल्ली और मिल्कीपुर की जीत पर भाजपाइयों ने मनाया जश्न

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। दिल्ली विधानसभा के चुनाव में भाजपा को 27 साल बाद मिली ऐतिहासिक जीत और उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उप चुनाव जीतने पर भाजपाइयों ने जिले भर में जश्न मनाया। शहर में सदर विधायक योगेश वर्मा और जिलाध्यक्ष सुनील सिंह के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय से विजय जुलूस निकाला और शहर के श्रीराम चौराहा (सदर चौराहा) पर पटाखे दागे व आतिशबाजी की। इसके बाद एक दूसरे को मिठाई खिलाई।
 
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने 26 साल बाद दिल्ली विधानसभा में प्रचंड विजय प्राप्त की। इस विजय पर उन्होंने दिल्ली वासियों के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी। सदर विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि जनता ने मोदी पर विश्वास कर दिल्ली विधानसभा में भाजपा को प्रचंड बहुमत दिया है। इस मौके पर जिला प्रवक्ता रमेश चंद्र मिश्र, क्रय विक्रय समिति के अध्यक्ष रामजी दीक्षित, पन्नालाल अग्रवाल, सूर्य प्रकाश मिश्रा, संतोष कुमारी, अनूप शुक्ला, कुमदेश शंकर शुक्ला, गंगाराम राजवंशी, रश्मि गुप्ता, सुरेंद्र कुमार मिश्र, रमेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

मितौली में भी मनाया गया जश्न
मितौली कस्बे में जिला मंत्री बृजेश सिंह के नेतृत्व में मिल्कीपुर व दिल्ली चुनाव की जीत पर जोरदार जश्न मनाया गया। जिला मंत्री ने कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाई। इस अवसर पर मुकुल मिश्रा, ग्रंट इनायत चीफ के पूर्व प्रधान रामदास, एसपी सिंह, उपेन्द्र सिंह, अनिरुद्ध सिंह, मोहित सिंह, रानू सिंह, डॉ. सलीम, शैलेंद्र कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।

दिल्ली, मिल्कीपुर की जीत पर भाजपाइयों ने मनाया जश्न, बाटी मिठाई 
दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत व प्रदेश की मिल्कीपुर सीट पर उप चुनाव जीतने पर नगर पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू के नेतृत्व में अशोक चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया। पटाखे दगाकर एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को जनता ने स्पष्ट जनादेश देकर याह साफ कर दिया कि जनता अब झूठ और भ्रष्टाचार को नहीं बल्कि विकास की राजनीति को तवज्जो देती है। भाजपा नेता धर्मेन्द्र गिरि मोंटी, विनोद वर्मा, सुरजनलाल वर्मा, अशोक सक्सेना, नगर अध्यक्ष शत्रोहन मिश्रा, विनोद स्वर्णकार, रविन्द्र कटियार, विजय मिश्रा, विजय वाजपेयी, धीरज बाजपेयी, विशेष वर्मा, मनोज बाथम, शिवम गुप्ता आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी: कार में लिफ्ट देकर दंपति से की लूटपाट, बदमाशों को तलाश रही पुलिस