बरेली: हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के नाम पर ज्यादा वसूली की तो नपेंगे डीलर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट को लेकर विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। ऑनलाइन बुकिंग के बाद भी डीलरों पर वसूली के धड़ल्ले से आरोप लग रहे हैं। मामले का संज्ञान लेते हुए शुक्रवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने सभी डीलरों के लिए नोटिस जारी किया है।विभाग की ओर से …

बरेली,अमृत विचार। हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट को लेकर विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। ऑनलाइन बुकिंग के बाद भी डीलरों पर वसूली के धड़ल्ले से आरोप लग रहे हैं। मामले का संज्ञान लेते हुए शुक्रवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने सभी डीलरों के लिए नोटिस जारी किया है।
विभाग की ओर से जारी आदेश में साफ तौर पर कहा गया है कि लगातार डीलरों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के नाम पर मनमानी वसूली के मामले सामने आ रहे हैं। ये लोग ऑनलाइन तय कीमत से अधिक रकम वसूल रहे हैं। ऐसे में सभी डीलरों को नोटिस जारी किया गया है। यदि अब किसी भी डीलर की हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के नाम पर ज्यादा वसूली की शिकायत मिली तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई की जिम्मेदारी स्वयं डीलर की होगी।

ऑनलाइन तय है कीमत, इससे ज्यादा रकम न दें
एआरटीओ (प्रशासन) आरपी सिंह ने बताया कि ऑनलाइन सभी वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट की कीमत तय है। यदि कोई वाहन स्वामी हैवी व्हीकल में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाता है तो उसके लिए ऑनलाइन 756 रुपये, हल्के माालवाहक वाहनों के लिए 684 रुपये, प्राइवेट कार के लिए 661 रुपये, ऑटो के लिए 373 रुपये और बाइक के लिए 354 रुपये ही अदा करने हैं। इससे ज्यादा रुपये मांगने वालों की शिकायत करें, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

वेबसाइट में दिक्कत होने की वजह से लोग परेशान
बरेली। हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बुक करने के लिए वेबसाइट में समस्याएं आ रही हैं। कई बार वेबसाइट से प्लेट बुक ही नहीं हो रही है। ऐसे में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। चूंकि शासन ने 31 दिसम्बर तक हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट पर रोक लगाई हुई है। इसलिए जब तक शासन से स्पष्ट आदेश जारी नहीं होते तब तक ऑनलाइन ही लोगों को अपनी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बुक करानी होगी। मगर वेबसाइट में टेक्निकल समस्याओं की वजह से लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

संबंधित समाचार