मणिपुर: मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा
इंफाल। मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सीएम ने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंपा है। बताया जा रहा है कि आज ही मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। गृहमंत्री से दिल्ली में मुलाकात के बाद वह इंफाल लौटे और अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
दरअसल, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह रविवार को राजभवन पहुंचे और राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया। इस दौरान उनके साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एनपीएफ के 14 विधायक भी थे, जिनमें प्रमुख रूप से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ए शारदा और भाजपा के वरिष्ठ नेता संबित पात्रा शामिल रहे।
राज्यपाल से मुलाकात के बाद बीरेन सिंह सचिवालय गए। एन बीरेन सिंह ने राज्यपाल को लिखे अपने पत्र में कहा कि अब तक मणिपुर के लोगों की सेवा करना मेरे लिए सम्मान की बात रही है। मैं प्रत्येक मणिपुरी के हितों की रक्षा के लिए समय पर की गई कार्रवाई, हस्तक्षेप, विकास कार्यों और विभिन्न परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार का बहुत आभारी हूं।
एन बीरेन सिंह ने 10 फरवरी से शुरू हो रहे विधानसभा के आगामी सत्र के सिलसिले में मुख्यमंत्री सचिवालय में विधायकों के साथ शनिवार को बैठक की थी। यह बैठक विपक्षी दल कांग्रेस द्वारा एन बीरेन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग के मद्देनजर आयोजित की गई थी।
ये भी पढ़ें- महाकुंभ में सोमवार सुबह डुबकी लगाएंगी राष्ट्रपति मुर्मू, अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर में करेंगी दर्शन-पूजन
