लखीमपुर खीरी: सात हजार से ज्यादा मरीजों का मेडिकल चेकअप, मुफ्त दवा भी दी गई

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। जरूरतमंदों को नि:शुल्क जांच एवं चिकित्सीय सुविधा मुहैया कराने के लिए रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में विशाल स्वास्थ्य शिविर लगा। इसका आयोजन नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (एनएमओ) के तत्वावधान में गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा के तहत हुआ। इसका शुभारंभ प्रांत प्रचारक कौशल ने किया। शिविर में सात हजार से अधिक मरीजों का पंजीकरण एवं जांच कर दवाएं दी गई।
 
हर साल की तरह इस बार भी गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा सात एवं आठ फरवरी को पलिया एवं निघासन क्षेत्र में रहने के बाद रविवार को जिला मुख्यालय पहुंची। इसमें डॉक्टरों की 26 टीमों ने निघासन और 24 टीमों ने पलिया क्षेत्र के गांवों में जरूरतमंदों को नि:शुल्क जांच कराकर दवाएं दी। इस क्रम में रविवार को जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों सहित शहर के निजी अस्पताल के अलावा राम मनोहर लोहिया चिकित्सा विश्वविद्यालय एवं किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के फिजिशियन, डेंटल, स्त्री  रोग, हड्डी रोग सहित आयुर्वेद विशेषज्ञ,  कैंसर रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, सर्जन, नेत्र रोग विशेषज्ञ, हृदय रोग विशेषज्ञ आदि चिकित्सकों ने बीपी, शुगर चेक कराने के साथ खून आदि की जांच कराकर दवाएं दी। शिविर समापन की मुख्य अतिथि एवं प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा यात्रा के तहत लोगों को बीमारी से बचाने के साथ चिकित्सको में भी राष्ट्रीयता, नैतिकता व देशप्रेम का भाव जागृत करने का निरन्तर प्रयास किया जा रहा है। प्रांत प्रचारक कौशल ने कहा कि गत पांच साल से यह यात्रा नेशनल मेडिकोज़ ऑर्गेनाइजेशन (अवध और गोरक्ष प्रांत) द्वाराआयोजित हो रही है। यह चिकित्सकों को स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से न सिर्फ राष्ट्रसेवा से जोड़ती है, बल्कि दूर दराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य से जुड़े शोध कार्यों को प्रोत्साहन देकर जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ मुहैया कराती है। 

इस दौरान लखीमपुर मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ.वाणी गुप्ता,  राम मनोहर लोहिया मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ सर्जन डॉ. संजय भट्ट, नेशनल मेडिकोज आर्गेनाइजेशन के जिलाध्यक्ष डॉ. आर आर मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, जिला मंत्री ब्रजेश सिंह सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता, उपाध्यक्ष उमाशंकर मिश्रा, रमेश अग्रवाल, पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. योगेंद्र प्रताप सिंह एवं अरविंद सिंह, विभाग प्रचारक अभिषेक, जिला प्रचारक अविनाश, जिला कार्यवाह संजीव, जिला कार्यवाह अमरेश, जिला संघचालक अवधेश, नेसेवा भारती जिलाध्यक्ष गोपाल अग्रवाल केअलावा सीमा जागरण मंच, एकल अभियान, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, सेवा भारती, विद्या भारती, वनवासी कल्याण आश्रम, आरोग्य भारती और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी मौजूद रहे। 
.
मरीजों की सुविधा के लिए बनाए गए 29 काउंटर
स्वास्थ्य शिविर में आने वाले मरीजों को पर्चा बनवाने से लेकर डॉक्टर से परामर्श और दवाएं लेने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसलिए 29 काउंटर बनाए गए थे। इसमें पर्चा बनवाने के लिए तीन काउंटर पर आठ से दस कर्मचारियों को लगाया गया। दवा वितरण के लिए छह काउंटर लगाकर 10 से 15 फार्मासिस्ट लगाए गए थे।

ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी: कंटेनर से टकराकर डीसीएम चालक की दर्दनाक मौत

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज