कासगंज: रामनगरिया मेले में पहुंचने लगे बाहरी जनपदों से साधु-संत, प्रशासन से की ये मांग
गंजडुंडवारा, अमृत विचार: कासगंज जनपद की तहसील पटियाली क्षेत्र के कादरगंज गंगा घाट पर पड़ी गंदगी और संतों के लिए कोई व्यवस्था नहीं होने पर गंगा घाट पर पहुंचे संतों ने इस पर अपना विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन कर रहे संतों ने जिला प्रशासन से गंगा घाट पर साफ सफाई कराने और गंगा स्नान के दौरान हादसों से बचाव के लिए बैरिकेडिंग कराने की मांग की है और शौचालयों को बनवाने की मांगकर प्रदर्शन किया।
आपको बता दे, कासगंज जिले की तहसील पटियाली क्षेत्र के कादरगंज गंगा घाट पर राम नगरिया मेले के दौरान काफी बाहरी जनपदों से साधु-संत आते हैं, लेकिन गंगा घाट पर प्रशासन की तरफ से साधु संतों के रुकने, खाने-पीने और शौचालयों की कोई व्यवस्था नही की जाती है। जिसके चलते काफी संत गंगा घाट से वापस लौट जाते हैं।
वहीं कादरगंज गंगा घाट संतों के जत्थे के साथ पहुंचे श्री-श्री 108 बजरंग दास महाराज ने कहा कि 12 फरवरी को गंगा घाट पर पूर्णिमा का स्नान होगा। हजारों श्रद्धालु आएंगे, लेकिन जिला प्रशासन ने गंगा घाट पर कोई इंतजाम नहीं किए हैं। गंगा घाट पर जगह-जगह गंदगी पड़ी हुई है। इसके लिए कोई बैरिकेडिंग भी नहीं की गई है। साधु-संतों और श्रद्धालुओं के लिए पीने का पानी, शौचालयों की भी कोई व्यवस्था नही है। गंगा घाट पर पूरी तरह अव्यवस्था है, जिसके कारण साधु-संतों को काफी दिक्कतें होती हैं।
यह भी पढ़ें- कासगंज: अमांपुर के श्रद्धालुओं की थार फतेहपुर में हादसे का शिकार, दो की मौत
