कासगंज: 835900 बच्चों और किशोरों को खिलाई जाएंगी कृमिनाशक गोलियां, CDO ने किया शुभारंभ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कासगंज, अमृत विचार: राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी सचिन ने कृष्णा पब्लिक स्कूल, नगल खांजी में बच्चों को कृमिनाशक एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर किया। इस अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष तक के बालक-बालिकाओं को यह गोली खिलाई जाएगी।

जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के अंतर्गत 8 लाख 35 हजार 900 बच्चों को कृमिनाशक एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जानी है, जिससे उनके पेट में कृमि न रहें। इसका शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी द्वारा किया गया। जनपद के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, अर्ध-सरकारी एवं समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों पर कृमिनाशक एल्बेंडाजोल की गोलियां बच्चों को खिलाई गईं।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव अग्रवाल ने बताया कि जो बच्चे कृमिनाशक एल्बेंडाजोल की गोली खाने से वंचित रह गए हैं, उन्हें 14 फरवरी को दवा खिलाई जाएगी। जनपद में लक्ष्य को पाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पेट में कृमि होने से बच्चों को पेट दर्द, विकास में बाधा सहित अन्य समस्याएं हो सकती हैं। सभी लोग इस अभियान में सहयोग करें।

इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.के. शुक्ला, जिला कम्युनिटी प्रक्रिया प्रबंधक केपी सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोरों के बीपीएम अखंड प्रताप सिंह एवं अमर सिंह आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- कासगंज: अमांपुर के श्रद्धालुओं की थार फतेहपुर में हादसे का शिकार, दो की मौत

संबंधित समाचार