अस्पताल 50 बेड का, भर्ती सिर्फ तीन मरीज, चंदर नगर अस्पताल की सेवाएं बेपटरी

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : चंदर नगर, आलमबाग के 50 बेड अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं बेपटरी हैं। यहां के कई वार्डों में ताला पड़ा है। अस्पताल में सिर्फ तीन मरीज भर्ती हैं। गंभीर मरीजों को अन्य अस्पताल का रास्ता दिखाया जा रहा। वहीं, अस्पताल प्रशासन ने इसके पीछे पर्याप्त स्टाफ न होने की दलील दे रहा है।

आलमबाग 50 बेड संयुक्त चिकित्सालय में स्त्री रोग विभाग, बाल रोग विभाग, ईएनटी, मेडिसिन, नेत्र रोग, सर्जरी समेत अन्य विभाग का संचालन हो रहा है। पूरे अस्पताल में महज तीन मरीज भर्ती हैं। इसमें दो जनरल सर्जरी में एक आर्थोपैडिक यूनिट में एक मरीज भर्ती हैं। महिला वार्ड,जनरल वार्ड, आई वॉर्ड और चिल्ड्रन वार्ड बंद पड़े हैं। उनमें ताला लटक रहा है। आंख के ऑपरेशन के बाद मरीजों को वार्ड में शिफ्ट करने के बजाय कुर्सियों पर लिटाया जा रहा है।

Untitled design (6)

एक्सरे टेक्नीशियन तैनात, मशीन का संकट

अस्पताल में ओपीडी व भर्ती मरीजों की एक्सरे जांच नहीं हो पा रही है। मशीन की मांग की गई है जो अभी तक नहीं मिल पाई है। नतीजा मरीजों को जांच के लिए निजी केंद्र या दूसरे सरकारी अस्पताल की दौड़ लगानी पड़ रही है। अहम बात यह है कि शासन ने एक्सरे टेक्नीशियन तैनात कर दिया है मगर मशीन अभी तक गायब है।

खून की जांच लोकबंधु से

अस्पताल में खून की सभी जांचें नहीं हो पा रहीं है। जबकि यहां पर जरूरी मशीनें भी हैं। वर्तमान में सिर्फ सीबीसी जांच की ही सुविधा है। अन्य जांचों के नमूने लोकबंधु अस्पताल भेजे जा रहें हैं। जिनकी रिपोर्ट 24 से 36 घंटे में मिल रही। इससे मरीजों का इलाज शुरू होने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। नमूना भी सुबह 8:30 से 11 बजे तक ही लिया जाता है। बाद में आने वाले मरीजों को अगले दिन बुलाया जा रहा।

हमारे यहां स्टाफ की कमी है। लिहाजा उतने ही मरीज लिए जाते हैं जिन्हें आसानी से इलाज मुहैया कराया जा सके। शासन से और स्टाफ की मांग की गई है।
- डॉ. अनिल दीक्षित, सीएमएस

यह भी पढ़ेः लखनऊ में दिखेंगे फिल्मी सितारे, फिल्म पटना से पाकिस्तान-2 शूटिंग के लिए तैयार

संबंधित समाचार