Kanpur में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के पौत्र बोले- राहुल गांधी संविधान हाथ में लेकर कर रहे नौटंकी, भाजपा पर भी साधा निशाना
कानपुर, अमृत विचार। रविदास जयंती पर शहर में जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित हुए। कहीं, शोभायात्रा निकाली गई तो कहीं रविदास जी की मूर्ति व प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पूजा अर्चना की गई। ईदगाह स्थित संत शिरोमणि रविदास जी के मंदिर में पूजन के बाद शोभायात्री निकली। नानाराव पार्क में सद्गुरू रविदास जुलूस कमेटी की ओर से आयोजित जन्म उत्सव समारोह में भारत रत्न बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के पौत्र प्रकाश राव अंबेडकर शामिल हुये उन्होंने रविदास जी और भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाकर नमन किया।
प्रकाश राव अंबेडकर ने कहा कि राहुल गांधी संविधान हाथ में लेकर जो नौटंकी कर रही है, वो देश की जनता अच्छी तरह से समझ चुकी है। दलितों, पिछड़ों और वंचितों के हितों की रक्षा करना संविधान निर्माताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि 1950 में जब संविधान स्वीकार किया गया तो आरएसएस ने कहा था कि वह संविधान को बदलेंगे। आज भाजपा के जरिये आरएसएस करना चाहती है। उन्होंने कहा कि ऐसा हुआ तो गुस्सा बढ़ेगा। प्रकाश राव ने कहा कि जबतक संविधान को हम अपनी विरासत नहीं मानेंगे तक बात नहीं बनेगी। यहां भारत रत्न बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर व संत रविदास से जुड़े स्टॉल भी लगाए गए। कार्यक्रम में आयोजक धनीराम पैंथर समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व अन्य लोग रहे।
