Lucknow News : ओवरटेक के विवाद में कार सवार कारोबारी पर फायरिंग, कब्रिस्तान से दुआ करके लौट रहे बाइक सवार से हुआ विवाद
Lucknow, Amrit Vichar : ठाकुरगंज में सीएमएस के पास गुरुवार देर रात शब-ए-बरात पर कब्रिस्तान से दुआ पढ़कर लौट रहे कार और बाइक सवारों के बीच ओवरटेक करने को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान कार सवार कारोबारी बाहर निकला तो बाइक सवार ने उस पर फायर झोंक दिया। गोली युवक कार सवार के सिर के ऊपर से निकल गई। राहगीर दौड़े तो आरोपी बाइक सवार फायरिंग करते हुए भाग निकले। फायरिंग से इलाके में अफरा तफरी मच गई। डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि बालागंज कैंपवेल रोड पर रहने वाले सलमान ने आरोपी बाइक सवार सैयद मोनिस और यूसुफ के खिलाफ ठाकुरगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी है। पुलिस नेआरोपी सैयद मोनिस को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मोनिस के पिता स्कूल संचालक हैं।
कैंपवेल रोड निवासी सलमान इंटीरियर कारोबारी हैं। उन्होंने बताया कि देर रात वह दोस्त शानू के साथ कब्रिस्तान में दुआ पढ़कर कार से लौट रहा था। इस बीच रास्ते में सराय माले खां स्थित सिटी मांटेसरी स्कूल (सीएमएस) के पास बाइक सवार मोनिस, यूसुफ और उनके स्कूटी सवार साथी मिले। आरोपी उनकी कार के आगे चल रहे थे। कई बार हॉर्न देने के बाद भी उन्हें मोनिस और उसके साथियों ने साइड नहीं दिया। किनारे से कट मार कर गाड़ी आगे बढ़ाकर ओवरटेक किया तो मोनिस और उसके साथियों ने पीछा कर आगे रोककर विरोध किया।
गाली-गलौज और अभद्रता करने लगे। सलमान और उसके दोस्त ने विरोध किया। सलमान के कार से बाहर निकलते ही मोनिस ने पिस्टल तान दी। कुछ समझते उससे पहले मोनिस ने सलमान पर फायर झोंक दिया। झुकने से गोली ऊपर से निकल गई और सलमान बाल-बाल बच गए। फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई।शोर सुनकर राहगीर दौड़े तो मोनिस और उसके साथियों ने असलहा लहराया और फायरिंग करते फरार हो गए। घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी।
घटनास्थल पर छानबीन के दौरान पुलिस को मौके से दो खोखे मिले। सलमान ने ठाकुरगंज थाने में घटना की लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी मोनिस और यूसुफ के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि शुक्रवार सुबह आरोपी मोनिस को गिरफ्तार कर उसके पास से .32 बोर की पिस्टल, एक कारतूस बरामद कर लिया गया है। पुलिस उसके साथी यूसुफ की तलाश में छापेमारी कर रही है। मोनिस के पिता का हाता सितारा बेगम में कोलंबिया पब्लिक स्कूल है। इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़ित सलमान के खिलाफ ठाकुरगंज थाने में हत्या के प्रयास का एक मामला दर्ज है।
यह भी पढ़ें-Lucknow News : पड़ोसी ने युवती से की छेड़छाड़, कैमरे लगाकर रखी नजर
