कानपुर में खौलती कढ़ाई में गिरी महिला की जलकर मौत: मायके पक्ष के लोग बोले- धक्का देकर गिराया गया, पोस्टमार्टम हाउस में किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

कानपुर, अमृत विचार। सेन पश्चिम पारा थानाक्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में खाना बनाते समय एक महिला खौलती कढ़ाई में गिर गई। जलने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन पति ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं पति ने मायके पक्ष को घटना की जानकारी दी, तो उन लोगों ने कढ़ाई में धक्का देकर जलाकर हत्या करने का आरोप लगाया। परिजनों ने आरोप लगाकर पोस्टमार्टम हाउस में हंगामा काटा। वहीं पति ने पत्नी के मिर्गी का दौरा पड़ने के कारण घटना की बात कही है। 

सेन के कसिगवां तौधकपुर रोड निवासी दिग्विजय सिंह की घर में परचून की दुकान है। उसने बताया कि 20 अप्रैल 2022 को उसने प्रयागराज के देवघाट धूमनगंज इलाके में रहने वाले होटल संचालक अनिरुद्ध सिंह की बेटी 25 वर्षीय कोमल सिंह से शादी की थी। 

बताया कि शादी के बाद से सब कुछ ठीक चल रहा है। लेकिन पत्नी कोमल को बीच-बीच में मिर्गी के दौड़ा पड़ने की बीमारी थी। जिसका इलाज भी चल रहा था। उसने बताया कि सोमवार दोपहर वह दुकान पर था तो पत्नी ने खाने में पूड़ी बनाने के लिए पूछा। जिस पर उन्होंने हामी भर दी। इसके बाद वह कढ़ाई में तेल डालकर पूड़ी निकाल रही थीं। उनके अनुसार इसी दौरान अचानक उसे मिर्गी का दौड़ा पड़ गया और वह अंसतुलित होते हुए सीधे कढ़ाई में गिर गई। 

खौलते तेल में गिरने से पूरा चेहरा बुरी तरह से जल गया। घटना के बाद वह जमीन पर तड़पने लगी। आनन-फानन आस पड़ोस के रहने वाले लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया और मायके पक्ष को सूचना दी। प्रयागराज से सास साधना अन्य लोगों के साथ पहुंची और बेटी को कढ़ाई में ढकेलकर हत्या करने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की। सेन पश्चिम पारा थाना प्रभारी के अनुसार परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- कानपुर में नाबालिग छात्र का लटका मिला शव: परिजन बोले- हत्या कर फांसी का दिया गया रूप, इन्होंने दर्ज कराई थी FIR

संबंधित समाचार