पूजा त्रिवेदी डीडीसी तो रामकुमारी बनीं प्रधान : निर्विरोध जीतने वालों को भी मिला प्रमाणपत्र
Barabanki, Amrit Vichaar : पंचायत उपचुनाव में मतदान के बाद शुक्रवार को एक प्रधान व एक जिला पंचायत सदस्य पद के लिए मतगणना हुई। आरओ व एआरओ की मौजूदगी में गणनाकर्मियों ने एक के बाद एक करके मतपेटियों को खोला और मतों को गिनती किया। इस दौरान हैदरगढ़ प्रथम पर हुए चुनाव की मतगणना के बाद पूजा त्रिवेदी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 294 मतों से हराकर सीट पर कब्जा कर लिया।
इसी प्रकार निन्दुरा ब्लाक के पलिया गांव मेंपूर्व प्रधान की पत्नी रामकुमारी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 586 मतों के अंतर से हराया। मतगणना के दौरान पुलिस व पीएसी के जवान सेफ्टी गार्ड लगाए डंडा लेकर मुस्तैदी से डटे रहे। हैदरगढ़ प्रथम में मतगणना समाप्त होने पर प्रत्याशी पूजा त्रिवेदी को 5689 मत मिले। वहीं उनकी निकटतम प्रतिद्वंदी श्वेता तिवारी को 5395 मत मिले। इसके अलावा तीसरी प्रत्याशी सर्वेश कुमारी 2780 मत हासिल हुए। जबकि 325 मत अवैध घोषित किए गए। पूजा त्रिवेदी को आरओ द्वारा जीत का प्रमाण पत्र दिया गया। चुनाव जीतने के बाद ब्लाक से बाहर आईं पूजा त्रिवेदी का उनके समर्थकों ने फूल माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया।
वहीं निन्दुरा ब्लाक के ग्राम पंचायत पलिया के प्रधान कामेश्वर गुप्ता की मौत होने से रिक्त सीट पर चुनाव कराया गया था। इस चुनाव में उनकी पत्नी राम कुमारी गुप्ता चुनाव मैदान में थी। करीब दो घंटे ही मतगणना के बाद ही आरओ ने ग्राम प्रधान पद का परिणाम घोषित कर दिया। इस चुनाव में पूर्व प्रधान रामेश्वर गुप्ता के निधन को देखते हुए लोगों ने उनकी पत्नी रामकुमारी का जबरदस्त तरीके से समर्थन किया और रामकुमारी गुप्ता ने निकटतम प्रतिद्वंदी से 586 वोटो से जीत गईं। पूर्व प्रधान की पत्नी राम कुमारी गुप्ता को 857 वोट मिले। वहीं दूसरे नंबर पर आए धनंजय को 271 वोट मिले। इसके अलावा प्रकाश को जहां 146 वोट मिले तो अंकित गुप्ता को मात्र तीन वोट से संतोष करना पड़ा। मतगणना के बाद आरओ ने विजई प्रत्याशी को प्रमाण पत्र दिया। मतगणना के दौरान ब्लाक परिसर छावनी में तब्दील रहा।
वहां पर कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी भी तैनात थी। वहीं दूसरी तरफ पंचायत उपचुनाव में निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारी को भी जीत का प्रमाण पत्र आरओ द्वारा दिया गया। इसमें दरियाबाद ब्लॉक में प्रधान संजय यादव की मौत होने से रिक्त हुई सीट पर सिर्फ हंसराज ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। इसलिए वह निर्विरोध निर्वाचित हो गए थे। उन्हें आरओ ने प्रमाण पत्र दिया। इसी प्रकार त्रिवेदीगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत शाहपुर सिदवी व रामीपुर में रिक्त क्षेत्र पंचायत के लिए एक एक उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। वह भी निर्विरोध हो गए। इसी प्रकार हरख ब्लॉक की ग्राम पंचायत बरबसौली में प्रधान पद पर एक मात्र प्रत्याशी राजदेई को भी निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर प्रमाण पत्र दिया गया।
यह भी पढ़ें-Barabanki News : चाइनीज मांझा की चपेट में आए दरोगा, बाल-बाल बचे
