कानपुर में चर्चित महिला कांग्रेस नेता के दहेज उत्पीड़न की जांच शुरू: अब पुलिस जाएगी जौनपुर और महाराष्ट्र
कानपुर, अमृत विचार। शहर की चर्चित महिला कांग्रेस नेता की ओर से ससुरालीजनों पर दर्ज कराई गई दहेज उत्पीड़न और छेड़खानी की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस शनिवार को पीड़ित महिला के आरोपों की जांच करने के लिए पहले जौनपुर और फिर महाराष्ट्र जाएगी।
महिला कांग्रेस नेता की शादी जौनपुर के युवक के साथ फरवरी 2019 में हुई थी। पीड़िता ने रेल बाजार थाने में ससुरालीजनों पर अतिरिक्त दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर और नशे के लती जेठ पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी।
मामले में पुलिस ने मंगलवार को पति और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न, छेड़खानी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। इस संबंध में रेलबाजार थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। शनिवार को विवेचक पहले जौनपुर और फिर महाराष्ट्र जाकर जांच करेंगे। आरोपियों से पूछताछ भी की जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- कानपुर में अनोखा मामला आया सामने: पति ने पत्नी को बताया ट्रांसजेंडर, अब यहां तक पहुंची बात...
