'मैं राष्ट्रपति पद से हटने को तैयार, लेकिन...', नकारात्मक टिप्पणियों की वजह से शुरू हुई थी ट्रंप से नाराजगी, जेलेंस्की ने किया खुलासा
वाशिंगटन। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद पांच हफ्तों के दौरान कई विवादास्पद टिप्पणियां की, जिसके कारण प्रशासन के साथ उनकी नाराजगी की शुरुआत हुई थी। ज़ेलेंस्की ने फॉक्स न्यूज़ के ‘स्पेशल रिपोर्ट’ कार्यक्रम के दौरान कहा, “यह पागल होने की बात नहीं है। उन्होंने कहा, जब आप राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति या सीनेटरों को यह कहते हुए सुनते हैं कि यूक्रेन लगभग नष्ट हो गया है, हमारे सैनिक भाग गए हैं, वे नायक नहीं हैं, यूक्रेन ने लाखों नागरिकों को खो दिया है, उनके राष्ट्रपति तानाशाह हैं।
इस पर सवाल उठता है कि यूक्रेन और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच हमारी दोस्ती कहां है? उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि यूक्रेन, अमेरिका और यूरोप रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की आक्रामकता के सामने अपनी साझेदारी बनाए रखें। इस दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि ओवल ऑफिस में शुरू हुई गरमागरम चर्चाओं के लिए उन्हें माफ़ी मांगनी चाहिए (जो अमेरिका उपराष्ट्रपति जेडी वेंस द्वाराज़ेलेंस्की पर ‘असभ्य’ होने का आरोप लगाने के बाद शुरू हुई थी) तो यूक्रेनी नेता ने जवाब दिया, नहीं। उन्होंने कहा,मैं राष्ट्रपति का सम्मान करता हूं, और मैं अमेरिकी लोगों का सम्मान करता हूं। मुझे यकीन नहीं है कि हमने कुछ बुरा किया है।
ज़ेलेंस्की ने कहा कि सुरक्षा गारंटी (जिसके कारण शुक्रवार को ओवल ऑफिस में तनातनी हुई) अनदेखी करने लायक मुद्दा नहीं है, क्योंकि एक और रूसी आक्रमण का खतरा बहुत बड़ा है। ज़ेलेंस्की ने कहा कि वह राष्ट्रपति पद से हटने को तैयार हैं, बशर्ते यूक्रेन को उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) की सदस्यता दी जाए। उन्होंने कहा, "हम न्यायपूर्ण और स्थायी शांति चाहते हैं। यह सच है। हम सुरक्षा की गारंटी चाहते हैं।" उन्होंने कहा, अगर अमेरिका नाटो का समर्थन करेगा ...तो मुझे लगता है कि यूक्रेन के लिए यह पर्याप्त है।
गौरतलब है कि इस महीने की शुरुआत में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात करने के बाद ट्रम्प यह कहने लगे हैं कि यूक्रेन को चुनाव कराना चाहिए। उन्होंने दावा किया है कि ज़ेलेंस्की को यूक्रेनी जनता के बीच बहुत कम समर्थन प्राप्त है, लेकिन यूक्रेन के संविधान के तहत, युद्ध के समय मार्शल लॉ लागू होने पर वह चुनाव नहीं करा सकता।
आश्चर्य की बात है कि ट्रंप ने जेलेंस्की को थप्पड़ मारने से खुद को कैसे रोक लिया : रूस
मॉस्को। रूस ने इस बात को लेकर आश्चर्य जताया है कि ‘ओवल ऑफिस’ में तीखी बहस के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को थप्पड़ मारने से खुद को कैसे रोक लिया। अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय 'ओवल ऑफिस' में शुक्रवार को बैठक के दौरान दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी और ट्रंप ने जेलेंस्की पर 'लाखों लोगों का जीवन खतरे में डालने' का आरोप लगाते हुए कहा था कि उनकी कार्रवाई से तीसरा विश्व युद्ध छिड़ सकता था। बैठक के बाद जेलेंस्की अपना कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर व्हाइट हाउस से चले गए। उन्हें अमेरिका के साथ महत्वपूर्ण खनिज समझौते पर हस्ताक्षर करने थे। रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने बैठक में हुई बहस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए 'टेलीग्राम' पर लिखा कि व्हाइट हाउस में जेलेंस्की का सबसे बड़ा झूठ यह दावा था कि 2022 में यूक्रेन अकेला पड़ गया था और उसके पास किसी का समर्थन नहीं था। उन्होंने कहा, “यह आश्चर्य की बात है कि ट्रंप और (अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी) वेंस ने उन्हें थप्पड़ मारने से खुद को कैसे रोक लिया।
