Bareilly: दर्दनाक हादसा...तीन घंटे से ज्यादा ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे दबे रहे वृंदावन और सोनू के शव
बरेली, अमृत विचार। नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव परौथा मजरा महमूदापुर में दर्दनाक हादसा पेश आया। ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे दबकर दो लोगों की मौत हो गई। तीन घंटे से ज्यादा दोनों के शव खेत में ही पड़े रहे। परिवार वालों को हादसे के बारे में पता चला तो कोहराम मच गया।
पूरी घटना शुक्रवार देर रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। परौथी गांव के रहने वाले 28 वर्षीय सोनू ने सरदारनगर निवासी राकेश से गन्ना का बीज खरीदा था। राकेश के यहां काम करने वाले 60 वर्षीय वृंदावन और सोनू ट्रैक्टर ट्रॉली पर बीज लादकर गांव परौथा मजरा महमूदापुर आ रहे थे। तभी खेत में ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना करीब रात आठ बजे हुई लेकिन परिवार वालों को 11:30 बजे पता चला तो कोहराम मच गया।
हादसे के कई घंटे बीत जाने के बावजूद शव नवाबगंज सीएचसी में ही रखे थे। हैरानी की बात ये कि पुलिस भी नहीं आई थी। जिसकी वजह से शवों को शनिवार सुबह तक पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा जा सका था।
हादसे में जान गवाने वाले सोनू के एक लड़का व तीन लड़कियां हैं। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं वृंदावन के दो लड़का और तीन लड़कियां हैं। जिसमें तीन की शादी हो गई है। सोनू के पिता नन्हे लाल की हत्या 15 साल कर दी गई थी। बदमाशों ने पैसे भी लूट लिए थे।
