बदायूं: हर्बल रंगों से खेली जाएगी होली, महिलाएं तैयार कर रहीं रंग

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

बदायूं, अमृत विचार: होली का त्योहार कुछ ही दिनों में मनाया जाएगा। बाजार पर होली का रंग चढ़ गया है। इस बार हर्बल गुलाल होली में अलग छटा बिखेरता नजर आएगा। बाजार में उपलब्ध हर्बल गुलाल लोगों की पहली पसंद बना हुआ है। स्वयं सहायता समूह की महिलाएं हर्बल गुलाल तैयार करने में जुटी हुई हैं। महिलाओं को होली पर बिक्री के लिए करीब चार टन हर्बल गुलाल तैयार कर बेचने की जिम्मेदारी मिली है। समूह की महिलाएं अरारोट व मक्के के आटे से सुगंधित हर्बल गुलाल बनाने में तल्लीनता से जुटी हुई हैं। करीब 60 से अधिक महिलाएं हर्बल रंग तैयार कर रही हैं।

रंगों के त्योहार होली की रौनक अलग ही होती है। रंगों के इस त्योहार पर रसायनयुक्त रंगों का प्रयोग कई बार त्योहार का मजा भी बिगाड़ देता है। इस परेशानी से छुटकारा दिलाने के लिए स्वयं सहायता समूह की महिलाएं हर्बल गुलाल और रंग तैयार कर बाजार में बिक्री कर रही हैं।

महिलाएं अरारोट व मक्के के आटे से हर्बल गुलाल तैयार करने में जुटी हुई हैं, साथ ही इसकी सप्लाई भी बाजार में की जा रही है। महिलाएं गुलाल को रंग-बिरंगा बनाने के लिए चुकंदर व हल्दी का ही इस्तेमाल कर रही हैं। समूह की महिलाओं द्वारा तैयार यह हर्बल गुलाल त्योहार का मजा कई गुना बढ़ा देगा। इसे लगाने से त्वचा को कोई नुकसान भी नहीं होगा।

एनआरएलएम के जिला मिशन प्रबंधक अवेश खान ने बताया कि दातागंज और म्याऊं ब्लॉक क्षेत्र के चार समूहों की करीब 60 महिलाओं को हर्बल गुलाल तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। विकासखंड सालारपुर के शिव पार्वती समूह, दातागंज सदर के गांव हरेली के समूह बालाजी, और जगत ब्लॉक के समूह अंबे की महिलाएं गुलाल बना रही हैं, जिसे बिक्री के लिए बाजारों में भेजा जाने लगा है।

आलू और पापड़ बना रही महिलाएं
एनआरएलएम के जिला मिशन प्रबंधक अवेश खान ने बताया कि हर्बल गुलाल के साथ ही होली पर महिलाओं द्वारा आलू, साबूदाना व चावल के पापड़ और आलू के चिप्स भी बनाए जा रहे हैं। ये खाद्य पदार्थ बाजार में सप्लाई किए जा रहे हैं।

स्वयं सहायता समूह की महिलाएं हर्बल गुलाल, पापड़ व चिप्स तैयार कर रही हैं। इनकी बिक्री बाजार के साथ ब्लॉक मुख्यालयों पर भी की जा रही है। सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी समूह की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की खरीदारी करेंगे- ब्रजेश शुक्ल, उपायुक्त एनआरएलएम।

यह भी पढ़ें- बदायूं: खाद्य विभाग ने पकड़ा पचास हजार कीमत का 336 राइस ब्रान तेल

संबंधित समाचार