Bareilly: दहेज में बुलेट नहीं मिली तो दिया तीन तलाक...आठ पर रिपोर्ट दर्ज
बरेली, अमृत विचार। दहेज में 50 हजार रुपये और बुलेट न मिलने पर महिला से ससुराल वालों ने मारपीट की और पति ने तलाक देकर घर से निकाल दिया गया। महिला ने देवर पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। एसएसपी के आदेश पर थाना इज्जतनगर पुलिस ने पति समेत ससुराल के आठ लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
महिला के मुताबिक उसकी शादी 12 मई 2018 को परतापुर चौधरी के एक युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, ससुर, दो देवर, सास, ननद और दो भाभी लगातार बुलेट मोटरसाइकिल और 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे और मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पहले दो बच्चों के जन्म के बाद जब वह तीसरी बार गर्भवती हुई तो जबरन दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। देवर ने उसके साथ छेड़छाड़ की, जब उसने विरोध करते हुए परिवार के अन्य सदस्यों से शिकायत की तो उसकी पिटाई की।
सभी ने धमकी दी कि अगर वह उन लोगों की मांगे पूरी नहीं करती है तो उसे इसी तरह प्रताड़ित किया जाएगा। 20 जनवरी को उसके पति ने उसे तीन बार तलाक कहकर रिश्ता खत्म कर दिया। इसके बाद पूरे परिवार ने मिलकर उसकी पिटाई की और गहने और कपड़े छीन लिए और बच्चों समेत घर से निकाल दिया। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ये भी पढ़ें - Bareilly: राष्ट्रीय पहचान बनाना महिला स्वयं सहायता समूह का अगला कदम
