Bareilly Eid-ul-fitr: ईद की नमाज में उठे फिलिस्तीन के लिए हाथ...शांति से मना रहे खुशी का त्योहार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। ईद के मौके पर सोमवार को शहर भर में जश्न का माहौल नजर आया। सभी छोटी बड़ी मस्जिदों और ईदगाह में अमन व सुकून के साथ ईद की नमाज अदा की गई। मस्जिदों के इमामों ने देश की तरक्की और खुशहाली के साथ फिलिस्तीन के मुसलामानों के लिए  दुआ की।

ईद के दिन सुबह से ही बच्चे और बड़े नए कपड़े पहनकर मस्जिदों व ईदगाह में नमाज पढ़ने पहुंचे। एक दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। शहर में मुख्य नमाज बाकरगंज स्थित ईदगाह में 10:30 बजे ग्रैंड मुफ्ती असजद रजा कादरी(असजद मिया) ने अदा कराई। नमाज के बाद खुतबा पढ़ा। इस मौके पर जमात रजा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान मियां ने भी सबको गले मिलकर मुबारकबाद दी। यहां की व्यवस्था ईदगाह कमेटी के खलील अहमद, महताब मियां,अशरफ अली, इरशाद अहमद, साहिल रजा आदि ने संभाली।

इन मस्जिदों में भी अदा की गई ईद की नमाज
सबसे पहले बाजार संदल खान स्थित दरगाह वली मियां में नमाज अदा की गई। इसके बाद दरगाह ताजुश्शरिया, दरगाह शाह शराफत मियां, दरगाह बशीर मियां, खानकाह-ए-वामिकिया, खानकाह-ए-नियाजिया, दरगाह शाहदाना वली, दरगाह रफीक-उल-औलिया, जामा मस्जिद, दरगाह नासिर मियां (नौमहला मस्जिद), मस्जिद बीबी जी, पीराशाह मस्जिद, हबिबिया मस्जिद, नूरानी मस्जिद, कचहरी वाली मस्जिद में भी नमाज अदा हुई।

दरगाह आला हजरत पर सबसे आखिर में हुई नमाज
दरगाह के नासिर कुरैशी ने बताया कि  सबसे आखिर में सुबह 11 बजे दरगाह आला हजरत की रजा मस्जिद में मुफ्ती जहीम रजा ने नमाज अदा कराई और अल्लामा तौसीफ मियां ने खुसूसी दुआ की। दरगाह प्रमुख सुब्हानी मियां व सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां के अलावा मौलाना तौकीर रजा खां समेत खानदान के तमाम लोगों ने नमाज अदा की।

घर-घर शुरू हुआ दावतों का दौर
ईद की नमाज पढ़कर लोग कब्रिस्तान पहुंचे और अपने पूर्वजों को याद किया। कब्रिस्तान में अपने पूर्वजों के लिए फातिहा पढ़कर ईसाले सवाब किया। इसके बाद घरों के अंदर दावतों का सिलसिला शुरू हो गया। लोगों ने एक दूसरे को उनके घरों पर जाकर ईद की बधाई दी। घर-घर लजीज पकवान ईद के मौके पर तैयार किए गए थे। 

मेहंदी मियां ने दी ईद की मुबारकबाद
खानकाहे नियाजिया बरेली में ईद-उल-फितर की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। सज्जादानशीन मेहंदी मियां ने नमाज की इमामत की। उन्होंने तमाम नमाजियों को ईद की मुबारकबाद दी। खानकाही रवायत के मुताबिक अमन और भाईचारे का पैगाम दिया गया।

झारखंड के राज्यपाल पहुंचे दरगाह आला हजरत
झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने दरगाह आला हजरत प्रमुख सुब्हानी मियां से मुलाकात कर ईद की मुबारकबाद दी। रमेश जैन, परवेज मियां, शावेज रईस, इमरान खान, यूसुफ फहमी और दरगाह से अजमल नूरी ने शाल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। मुफ्ती सलीम नूरी, हाजी जावेद खान, नासिर कुरैशी, परवेज नूरी, शाहिद नूरी, शान रजा, औरगजेब नूरी, ताहिर अल्वी, शारिक बरकाती, अशमीर रजा, मंजूर रजा मौजूद रहे।

संतोष गंगवार

सुभासपा ने ईदगाह पर लगाया कैंप
बाकरगंज ईदगाह पर तमाम राजनीतिक पार्टियों ने अपने कैंप लगाए। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की तरफ से भी कैंप का आयोजन किया गया। इस मौके पर पार्टी पदाधिकारियों ने नमाजियों का स्वागत किया। सुभासपा के जिलाध्यक्ष भारतेंदु सोनकर ने भी लोगों को बधाई दी। इमरान खान, गुलाम मुस्तफा नूरी, मोहम्मद शाकिर, असद खान, गुलाब, गुड्डू मंसूरी आदि मौजूद रहे।

सुभासपा

संबंधित समाचार