Eid-ul-Fitr 2025; कानपुर में सकुशल ढंग से संपंन्न हुई नमाज; CCTV और ड्रोन से निगरानी, DM, पुलिस कमिश्नर ने दी बधाई, देखें- PHOTOS
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर में ईद के मौके पर पूरे शहर की मस्जिदों में सोमवार को नमाज अदा की गई। नमाजियों ने नमाद के बाद एक-दूसरे को गले मिलकर मुबारकबाद भी दी। इसके साथ ही बड़ी ईदगाह में हजारों की संख्या में नमाजी मौजूद रहे। लोगों ने मुल्क की सलामती और अमन चैन की दुआ मांगी।

बड़ी ईदगाह के बाहर डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह, जेसीपी हरीश चंदर, डीसीपी एसएम कासिम आबिदी, डीसीपी सेंट्रल दिनेश त्रिपाठी समेत तमाम पुलिस फोर्स मौजूद रहा। इसके साथ ही मस्जिदों के बाहर पुलिस के साथ पीएसी के जवान भी माैजूद रहे। साथ ही ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे से लगातार निगरानी हो रही है। वहीं, पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने भी गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।

सड़क पर नहीं हुई नमाज
ईद के मौके पर शहर की सभी मस्जिदों के अंदर नमा पढ़ी गई। सड़क पर नमाज नहीं हुई। वहीं, बड़ी ईदगाह बकरमंडी में शरारतीतत्वों पर निगरानी रखने के लिए छतों पर जवान तैनात रहे। प्रशासनिक कैंप में आला अधिकारी मौजूद रहे। यहां जमीअत उलमा हिंद, मोहम्मदिया हॉस्पिटल, कांग्रेस, सपा व अन्य दलों द्वारा मुबारकबाद देने के लिए कैंप लगाए।

इन मस्जिदों में अदा की गई नमाज
बगाही ईदगाह, मछरिया ईदगाह, उस्मानपुर ईदगाह, मास्टर अब्दुल करीम ईदगाह फेथफुलगंज, रेलबाजार ईदगाह, जाजमऊ ईदगाह समेत शहर की सभी ईदगाहों में नमाज अदा की जाएगी। शिया जामा मस्जिद मकबरा ग्वालटोली, सकेरा स्टेट, पोखपुर समेत दर्जनों मस्जिदों में भी ईद की नमाज अदा हुई। जामा मस्जिद शफियाबाद, मस्जिद गुलाब घोसी मस्जिद, चूड़ी वाली मस्जिद, गरीब नवाज मस्जिद, नूरी मस्जिद, नूरानी मस्जिद, कैथे वाली मस्जिद, सुफ्फाह मस्जिद समेत सभी मस्जिदों में नमाज अदा की गई।

बड़ी ईदगाह में पहली नमाज सुबह आठ, दूसरी 9.30 बजे हुई
बड़ी ईदगाह बकरमंडी में ईद-उल-फितर की पहली नमाज सुबह आठ बजे हाफिज व कारी सुबहान इलाही ने अदा कराई। दूसरी नमाज सुबह 9.30 बजे हाफिज व कारी अकरम इलाही अदा कराई। शहर की दो ईदगाह में महिलाएं भी पर्दे के पीछे से नमाज पढ़ी। इनमें ईदगाह सुजातगंज में सुबह सात बजे मौलाना रजा उल्लाह सलफी नमाज अदा ने कराई, जबकि ईदगाह मास्टर अब्दुल करीम रेलबाजार में सुबह 7.30 बजे मौलाना अब्दुस्समी नदवी ने नमाज अदा कराई।

ईदगाह गद्दियाना में मौलाना हाशिम अशरफी, जाजमऊ ईदगाह में कारी हसीब अख्तर नमाज ने अदा कराई। मस्जिद अबू बकर ने मुंशीपुरवा में सुबह 8 बजे मुफ्ती इरफान मिस्बाही नमाज अदा कराई। शिया जामा मस्जिद ग्वालटोली मकबरा में पेशइमाम मौलाना अली अब्बास पहली और दूसरी नमाज मौलाना सईद अब्बास ने अदा कराई।

जबकि मसवानपुर ईदगाह में सुबह 9.45 बजे मौलाना मुश्ताक मुशाहिदी, जामा मस्जिद रावतपुर में सुबह नौ बजे मौलाना असगर अली यारालवी, रहमत नगर रावतपुर में सुबह 8.30 बजे मौलाना जियाउर्रहमान कादरी, गौसिया मस्जिद रोशन नगर में सुबह 7.45 बजे मौलाना रिजवान कादरी ने नमाज अदा कराई।

चांद रात पर बाजारों में उमड़ी थी भीड़
बेकनगंज बाजार में दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दिल्ली के मीना बाजार की तर्ज पर दुकानें सजाकर मीना बाजार का बोर्ड लगा दिया है। यहां सस्ते से सस्ता और महंगे से महंगा सामान मिल रहा है, जिसे खरीदने के लिए देर रात तक भारी भीड़ उमड़ती रही। रविवार साम चांद का दीदार होते ही खरीदारों की भीड़ बाजारों में उमड़ पड़ी।

बेकनगंज में बनारसी सिंवई, सूतफेनी, शीर कोरमा बनाने वाली दुकानों पर जबरदस्त भीड़ रही। परेड, तलाक महल, डॉ. बैरी चौराहा, रुपम चौराहा, नाला रोड, हलीम चौराहा, दलेल पुरवा, टुकनिया पुरवा इलाके में सजी हजारों दुकानों पर मेला लगा रहा। शहर के मॉल्स, नवीन मार्केट, पीरोड में कपड़ों की खरीदारी को भीड़ जुटी। जाजमऊ केडीए में चप्पल, पर्स, जूता की दुकानों पर भारी भीड़ रही। लाल बंगला, किदवई नगर चालीस दुकान में भी रौनक रही।

ये भी पढ़ें- Kanpur: निर्माण कार्य रोकने पर दो पक्षों में जमकर बवाल, पथराव के साथ हुई मारपीट, 39 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
