Bareilly News: किला में दो दिन से बिजली गुल...बदायूं रोड की इन कॉलोनियों में जागकर काटी रात, सुबह चले जेनरेटर

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। सुचारू रूप से बिजली आपूर्ति की के दावे गर्मी का प्रकोप बढ़ते ही धड़ाम होते नजर आ रहे हैं। लगातार बिजली गुल होने से गर्मी में लोगों का पसीना निकल रहा रहा है। बुधवार सुबह इसका एक नजारा बदायूं रोड पर मौजूद कॉलोनियों में देखने को मिला। यहां लोगों के घरों में जेनरेटर चलते नजर आए। बिजली नहीं आने की वजह से लोगों के घरों में लगे इनवर्टर भी जवाब दे गए। जिनके घरों में जेनरेटर या इनवर्टर नहीं थे वह गर्मी के मारे तिलमिला उठे।

किला में दो दिन से बिजली गुल
बता दें कि इंद्रापुरम कॉलोनी, बीडीए कॉलोनी के लोग सुबह उठे तो गर्मी ने परेशान कर दिया। रात एक बजे गुल हुई बिजली दोपहर तक नहीं आई थी। करीब 11 घंटे तक बिजली नहीं आने से लोगों में आक्रोश फैल गया। लगातार बिजली विभाग की हेल्पलाइन पर शिकायतें पहुंचने लगीं। वहीं शहर के दूसरे इलाकों में भी फॉल्ट की वजह से बिजली नहीं आने के कारण लोग परेशान हुए। शहाबाद में फेज नहीं आने से बिजली विभाग के पास शिकायतें पहुंचीं। वहीं बांके की छावनी, सिविल लाइंस, सुभाषनगर, मिशन कंपाउंड, जैसे इलाकों में बिजली गुल रही। किला की रहने वाली यासमीन ने अफसरों को शिकायत करके बताया कि पिछले दो दिन से बिजली नहीं आ रही है।  एक दिन पहले बिजली कटौती से आक्रोशित महिलाओं ने उपकेंद्र का घेराव कर हंगामा किया था। बावजूद इसके बुधवार को सूरते हाल नहीं बदला।

हरुनगला उपकेंद्र का किया घेराव
इससे एक दिन पहले आधा दर्जन से अधिक जगहों पर बंच केबल जलकर गिरने से लोगों को चार से 12 घंटे तक बिजली कटौती झेलनी पड़ी। हेल्पडेस्क पर सुनवाई न होने पर आक्रोशित लोगों ने किला व हरुनगला उपकेंद्र का घेराव कर हंगामा किया। रामगंगा सेक्टर तीन में विद्युत कटौती से परेशान लोगों ने उपकेंद्र का घेराव किया। बताया कि बिजली घंटों से गुल है। जिसकी वजह से इंवर्टर भी ठप हो गए। दिनचर्या प्रभावित होने के साथ ही पेयजल समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है। जेई, एसडीओ को फोन नहीं उठने हेल्पडेस्क शाम पांच बजे बंद होने की भी शिकायत की। 

इन इलाकों में भी गुल रही बिजली
सिविल लाइंस थर्ड के बालजती स्कूल के पास बंच केबल जलने के कारण कटौती हुई। लोहिया विहार फीडर में भी बंच केबल जल गए। वीर सावरकर नगर के बन्नुवाल नगर में बंच केबल जलकर गिरने के कारण बिजली कटौती हुई। पवन विहार में तारों के ऊपर गिरे पेड़ को हटाने के कारण बिजली संकट रहा। सनसिटी के जामुन बिहार, कुर्मांचल नगर में अंडर ग्राउंड केबल में फॉल्ट के कारण बिजली कटौती हुई। इसी प्रकार शहर के राजनगर, आजाद नगर, सेटेलाइट, पवन विहार, सनराइज इंक्लेव, विश्वविद्यालय, सीबीगंज, स्लीपर रोड, इज्जतनगर, गुलाब नगर, आकांक्षा इन्क्लेव, लोहिया विहार, महानगर, डीडीपुरम, राजेंद्र नगर समेत अन्य इलाकों में ट्रिपिंग, लोकल फॉल्ट के कारण बिजली कटौती हुई।

60 बार ट्रिप हुई बिजली, लोग रात भर जागे
पवन विहार इलाके में हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। उपभोक्ताओं का कहना है कि 24 घंटे में 60 बार से ज्यादा बिजली ट्रिप हुई। दस मिनट बिजली आती और फिर घंटों गुल हो जाती। गर्मी और उमस के बीच लोग पूरी रात जागने को मजबूर रहे। वहीं कृष्णा नगर फेज-टू में लो वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान रहे। इसी तरह कालीबाड़ी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर के तार में खराबी आने से करीब 15 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। दुर्गानगर उपकेंद्र से जुड़े एसएस पब्लिक स्कूल वाली गली में फेस उड़ने से सुबह से रात तक बिजली नहीं रही।

डीएम से लेकर सीएम तक से की शिकायत
मेगा ड्रीम होम्स वेलफेयर सोसाइटी के लोगों ने डीएम से लेकर मुख्यमंत्री तक से बिजली कटौती की शिकायत की। शिकायत में बताया गया कि दो माह से बिजली कटौती जमकर हो रही है। ट्रिपिंग से बिजली उपकरण खराब हो रहे हैं। पहले आपूर्ति सीबीगंज फीडर-3 से थी। भूमिगत फॉल्ट होने से सप्लाई फीडर-2 से जोड़ दी गई जो पहले से ही ओवरलोड है। इसकी वजह से ट्रिपिंग, लो वोल्टेज की समस्या है। सभी ने समस्या का समाधान करने की मांग की है। लिखित शिकायत की कॉपी मुख्य अभियंता, यूपीपीसीएल चेयरमैन, ऊर्जा मंत्री, मुख्यमंत्री को भेजी है।

पावर हाउस में स्टाफ मांगा, बताया जान का खतरा
हरुनगला विद्युत उपकेंद्र में सोमवार रात हुए हंगामे, कर्मचारी की पिटाई व गेट तोड़ने की घटना के बाद उपकेंद्रों पर स्टाफ की मांग शुरू हो गई है। पवन विहार उपकेंद्र पर कोई लाइनमैन न होने की जानकारी अधिकारियों को दी गई। एसएसओ ने बताया कि उपभोक्ताओं की कॉल आती है, समस्या का समाधान न होने पर जान से मारने की धमकी दी जाती है। इससे पूरा स्टाफ परेशान है। उपकेंद्र पर स्टाफ, लाइनमैन की व्यवस्था कराने की मांग की गई है। वहीं हरुनगला उपकेंद्र के एसएसओ ने बताया कि उपकेंद्र पर बिजली न आने के कारण आगे आपूर्ति नहीं हो पा रही थी। सोमवार रात को 60 से 70 लोगों ने उपकेंद्र का घेराव किया। दो बार 112 पर कॉल करके पुलिस को बुलाना पड़ा। आक्रोशित लोगों ने गेट तोड़ एक कर्मचारी को बाहर ले जाकर पीट दिया। एसएसओ ने अपने साथ रात में अतिरिक्त स्टाफ तैनात करने की मांग की है।

 

संबंधित समाचार