Bareilly: आंगनबाड़ी भर्ती में धांधली...महिलाओं-युवतियों ने विकास भवन पहुंचकर की नारेबाजी

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

बरेली, अमृत विचार: जिले में आंगनबाड़ी भर्ती में चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद गड़बड़ी के आरोप लगातार लग रहे हैं। चयनित नहीं हो पाने वाली महिलाएं भर्ती में धांधली के आरोप लगा रहीं हैं। बुधवार को फिर काफी संख्या में महिलाओं ने विकास भवन पहुंचकर नारेबाजी की। गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए अपात्रों का चयन होने की बात कही।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के 311 पदों के लिए 10 हजार 280 लोगों ने आवेदन किए थे। पिछले सप्ताह बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग ने कार्यकर्ताओं के चयन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सूची कार्यालय के बाहर चस्पा कर दी थी। सूची चस्पा होने के बाद उन महिलाओं, युवतियाें ने विरोध शुरू कर दिया, जिनका चयन नहीं हुआ है।

बुधवार को अलग-अलग ब्लॉक क्षेत्रों से पहुंचीं स्मृति, माधुरी, नेहा, आराधना, आराध्या, आरती, वर्षा, सोनाली, गीता आदि ने डीपीओ कार्यालय के बाहर हंगामा किया। कहा कि चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी की गई। चयन में रुपये लेने के भी आरोप लगाए। कहा कि, मनमाने तरीके से चयन किया गया है।

हम लोगों की मैरिट थी। इसके बाद भी बाहर कर दिया गया। जबकि कई अपात्रों का चयन किया गया। चयन की प्रक्रिया पर सवाल खड़े करते हुए जांच की मांग की। हंगामा करने के बाद महिलाओं ने डीपीओ से मिलकर भी शिकायत की। कहा कि, हम लोगों के सभी अभिलेख सही थे, फिर भी बाहर कर दिया गया। डीपीओ ने जांच कराने का आश्वासन दिया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के चयन में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं की गई है। पूरी पारदर्शिता के साथ चयन किया गया है। एक-एक पद पर सैकड़ों लोगों ने आवेदन किए थे। चयन एक का ही होना है, जिनका चयन नहीं हुआ है वे इस तरह की बातें कर रहे हैं। गड़बड़ी लगती है तो जांच करा दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- सफर हुआ महंगा...बरेली से दिल्ली और लखनऊ रूट पर बसों का बढ़ा किराया, जानें अब कितने खर्च करने होंगे?

संबंधित समाचार