शाहजहांपुर: लंबे समय से जमे कृषि कार्यालय के दागदार क्लर्क का तबादला...डीएम ने शुरू की जांच
शाहजहांपुर, अमृत विचार। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह की ओर से जांच बिठाए जाने के बाद उप कृषि निदेशक धीरेंद्र सिंह ने जिला कृषि कार्यालय के क्लर्क पंकज सिंह का तबादला जलालाबाद कर दिया है। क्लर्क पर लंबे समय तक एक ही कार्यालय में जमे रहने और अकूत संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। जिसके बाद उसके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
बीते दिनों सीतापुर की किसान यूनियनों ने जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के वरिष्ठ सहायक पंकज कुमार सिंह के खिलाफ शिकायत की थी। बताया था कि पंकज लंबे समय से कृषि विभाग के एक ही कार्यालय में जमे हुए हैं। इस दौरान उन्होंने तिकड़म से अकूत संपत्ति अर्जित कर ली है। क्लर्क पर एक फैक्ट्री का संचालन कराने का भी आरोप लगाया गया था। जिलाधिकारी ने आरोपों के बाद क्लर्क पंकज सिंह के खिलाफ जांच बैठा दी, जो शुरू हो चुकी है। इसी को देखते हुए डीडी कृषि धीरेंद्र सिंह ने पंकज का तबादला उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी कार्यालय जलालाबाद में बतौर वरिष्ठ सहायक कर दिया है। पंकज को निर्देश दिया गया है कि वह तुरंत जाकर कृषि प्रसार अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत हों।
बता दें कि बीते दिनों क्लर्क पंकज सिंह को लेकर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही से शिकायत की गई थी। जिसमें तमाम आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई थी। इसके अलावा पंकज का प्रकरण मीडिया में भी सुर्खियां बना था। जिसके बाद डीएम ने उनके खिलाफ जांच शुरू कराई है। इसके साथ ही डीडी कृषि को पंकज का तबादला करने का भी आदेश दिया था। अब डीडी कृषि ने पंकज का ट्रांसफर कर दिया है।
