UP: रांग नंबर से शुरू हुआ प्यार...चौराहे पर थमा सफर, जानिए पुलिस ने क्यों लिया हिरासत में

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मझगईं, अमृत विचार। एक रांग नंबर से शुरू हुई बातचीत कब प्यार में बदल गई और फिर पुलिस थाने तक पहुंच गई, इसका चौंकाने वाला मामला सामने आया है। करीब डेढ़ महीने पहले शुरू हुई फोन पर बातचीत के बाद युवती अपने प्रेमी से मिलने बहराइच से दिल्ली पहुंच गई। इसके बाद दोनों साथ में पलिया होते हुए बम्हनपुर आ गए, जहां स्थानीय लोगों के शक के चलते मामला खुल गया।

सिंगाही थाना क्षेत्र के गांव मोतीपुर निवासी जावेद दिल्ली में काम करता है। उसकी करीब डेढ़ महीने पहले बहराइच जिले के थाना खैरीघाट निवासी युवती से रांग नंबर के जरिए बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह बातचीत प्रेम संबंध में बदल गई। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले युवती अपने प्रेमी से मिलने दिल्ली के आनंद विहार पहुंची, जहां दोनों की मुलाकात हुई। इसके बाद दोनों साथ में उत्तर प्रदेश लौटे और पलिया होते हुए बम्हनपुर पहुंच गए। बुधवार सुबह दोनों बम्हनपुर चौराहे पर एक दुकान पर चाय पीने के लिए रुके थे। 

इस दौरान स्थानीय लोगों को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिस पर उन्होंने मझगईं पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर पहले पुलिस चौकी और फिर थाने ले आई। इस बीच युवती के परिजनों ने थाना खैरीघाट में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। जैसे ही परिजनों को युवती के मझगईं में होने की जानकारी मिली, वे खैरीघाट पुलिस के साथ थाने पहुंच गए। मझगईं थाना प्रभारी अनिल सिंह पंकज ने बताया कि आवश्यक पूछताछ के बाद दोनों को खैरीघाट पुलिस और परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले को लेकर आगे की कार्रवाई संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस द्वारा की जा रही है।

संबंधित समाचार