इच्छा के अनुरूप माता-पिता की कब्रों के नजदीक दफनाए गए अहमद पटेल
भरूच। कांग्रेस के दिवंगत कद्दावर नेता, कोषाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अहमद पटेल को आज उनकी इच्छा के मुताबिक उनके पैतृक गांव गुजरात के भरूच ज़िले के पिरामन में उनके माता-पिता की कब्रों के नज़दीक सुपुर्दे ए खाक कर दिया गया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी इस मौके पर मौजूद रहे। कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी के …
भरूच। कांग्रेस के दिवंगत कद्दावर नेता, कोषाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अहमद पटेल को आज उनकी इच्छा के मुताबिक उनके पैतृक गांव गुजरात के भरूच ज़िले के पिरामन में उनके माता-पिता की कब्रों के नज़दीक सुपुर्दे ए खाक कर दिया गया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी इस मौके पर मौजूद रहे। कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार रहे पटेल को पूरे गांधी परिवार का बेहद करीबी माना जाता था। वह कांग्रेस के संकटमोचक भी माने जाते थे।
राहुल गांधी आज नई दिल्ली से सूरत हवाई अड्डे पहुंचे और वह से सड़क मार्ग से पटेल के गांव आए। उन्होंने पटेल के पुत्र फैसल पटेल और पुत्री मुमताज तथा अन्य परिजनों को सांत्वना भी दी। कुल सात बार सांसद (3 बार लोकसभा और 4 बार राज्यसभा) रहे पटेल की अंत्येष्टि के मौके पर लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी, गुजरात में कांग्रेस प्रभारी राजीव सातव, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा, गुजरात विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष परेश धानाणी, राज्य सभा सांसद शक्ति सिंह गोहिल समेत कई लोग उपस्थित थे।
71 वर्षीय पटेल का कोरोना संक्रमण जनित जटिलताओं के कारण कल तड़के गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था। उनके पार्थिव शरीर को नयी दिल्ली से विमान के जरिए वडोदरा लाया गया था
