कासगंज: नींद की झपकी से हादसा...बाइक खंबे से टकराई, एक युवक की मौत दूसरा घायल
कासगंज, अमृत विचार। मथुरा बरेली मार्ग पर गांव मोहनपुरा के समीप नींद का झोका आ जाने से बाइक सवार विद्युत खंबे से टकरा गए। जिससे मामा की मौत हो गई, भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल युवक को कासगंज जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना को लेकर मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सिकंद्रराऊ थाना क्षेत्र के गांव अगसोली निवासी 40 वर्षीय मनोज कुमार पुत्र बनवारी लाल सोमवार की सुबह नौ बजे के लगभग अपने भांजे 16 वर्षीय सुमित पुत्र राजेश कुमार निवासी पीली कोठी मुहल्ला योगमार्ग को छोड़ने के लिए सोरों आ रहे थे, जैसे ही उनकी बाइक जेपी पब्लिक स्कूल के निकट पहुंची, तभी नींद का झोका आ जाने से बाइक विद्युत खंभे से टकरा गई। जिससे मामा भांजे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची। जहां चिकित्सकों ने घायल मनोज कुमार को चिकित्सीय परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया, जबकि सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका उपचार चल रहा है। मनोज की मौत की खबर मिलते ही परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। जहां उनका रो रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर लोकेश भाटी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। किशोर का उपचार चल रहा है। किशोर की हालत में सुधार है। परिजनों द्वारा तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएंगी।
दो बच्चों के सिर उठा पिता का साया
मृतक मनोज कुमार की पत्नी गीता और दो बेटों का रो रोकर बुरा हाल है। मनोज का बड़ा बेटा रोहित 17 वर्ष का है, जबकि छोटा बेटा मोहित 12 वर्ष का है। उनकी मौत के बाद दोनों बेटो के सिर से पिता का साया हमेशा हमेशा के लिए उठ गया। मनोज कुमार घर में अकेला ही कमाने खाने वाला था।
