Bareilly: दिल्ली के सीएम का सपाइयों ने फूंका पुतला, पुलिस से नोकझोंक और धक्का-मुक्की

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

बरेली, अमृत विचार: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता द्वारा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर दिए गए बयान को लेकर बुधवार को सपाई भड़क गए। मुख्यमंत्री का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। धक्का-मुक्की भी की गई।

दिल्ली में एक न्यूज चैनल से बातचीत में सीएम रेखा गुप्ता ने अखिलेश यादव को लेकर टिप्पणी की थी। बुधवार को पदाधिकारी और कार्यकर्ता सपा कार्यालय पर पहुंचे और बैठक की। इसके बाद महिला सभा की जिलाध्यक्ष स्मिता यादव संगठन की महिलाओं के साथ पटेल चौक जाने के लिए निकलीं। सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव महिला सिपाहियों के साथ आए। लोहिया द्वार पर पुलिस ने जीप लगा दी। 

महिलाओं ने पुतला फूंकने का प्रयास किया तो पुलिस से नोकझोंक और धक्का-मुक्की होने लगी। पुलिस ने महिलाओं से पुतला छीनकर गाड़ी में डाल दिया। पुतले का कुछ टुकड़ा रह गया, जिसे जलाकर विरोध दर्ज कराया। महिला कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस की नोकझोंक देख यूथ ब्रिगेड और समाजवादी छात्र के लोग दूसरे रास्ते से पटेल चौक पहुंच गए और सीएम का पुतला फूंक दिया। इस दौरान प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी भी की।

प्रदर्शन से पहले पार्टी कार्यालय पर प्रकोष्ठों के अध्यक्षों संग हुई बैठक
पार्टी कार्यालय पर संबद्ध प्रकोष्ठों की बैठक में सामूहिक रूप से प्रदर्शन कर विरोध का निर्णय लिया गया। जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने सभी को अनुशासन में रहकर लोकतान्त्रिक तरीके से प्रदर्शन करने की बात कही थी। संचालन महानगर महासचिव दीपक शर्मा ने किया। महिला सभा की जिलाध्यक्ष स्मिता यादव, महानगर अध्यक्ष सरताज गजल अंसारी, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष एजाज अहमद, महानगर अध्यक्ष सचिन आनंद, छात्र सभा जिलाध्यक्ष अविनाश मिश्रा, छात्र सभा प्रदेश उपाध्यक्ष सय्यद रेहान, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अनिल पटेल, अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रामवीर दिवाकर, बाबा साहब अम्बेडकर वाहिनी के जिलाध्यक्ष ब्रजेश आजाद, व्यापार सभा के महानगर अध्यक्ष नीरज गुप्ता, यशवीर सिंह यादव, हृदेश यादव, श्याम वीर सिंह यादव, मान सिंह यादव, अमित गिहार, संजीव कश्यप समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संबंधित समाचार