कानपुर में बीमारी से हारे वृद्ध ने फांसी लगा दी जान: न्यूरो की समस्या से थे पीड़ित, शव लटका देख चीख पड़ा भांजा...
कानपुर, अमृत विचार। न्यूरो की समस्या से पीड़ित स्वदेशी मिल से सेवानिवृत्त वृद्ध ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामा को कमरे में न पाकर भांजा छत पर गया तो फंदे से शव लटका देखा। भोर पहर अचानक चीख-पुकार मचने पर पड़ोसी पहुंचे और घटना की सूचना गुजैनी पुलिस को दी गई।
तात्याटोपे नगर निवासी 67 वर्षीय धीरेंद्रनाथ अवस्थी स्वदेशी मिल से सेवानिवृत्त थे। बेटे आदित्य और अंश ने बताया कि बीते डेढ़ साल से पिता न्यूरो की समस्या से पीड़ित थे। जिसका इलाज चल रहा था। बीती 12 मार्च को घबराहट होने पर उन्होंने ओवरडोज दवा खा ली थी। हालत बिगड़ने पर पांच दिन आईसीयू में भर्ती कराया गया।
अस्पताल से लौटने के बाद उनकी तबियत लगातार बिगड़ती जा रही थी। बुधवार शाम को भी दिक्कत होने की बात कही थी। इसके बाद देर रात कमरे से निकले गए। भांजे सक्षम ने बताया कि मामा को भोरपहर चार बजे कमरे में न पाकर उन्हें घर में देखने के बाद जब छत पर गए तो दुपट्टे से शव लटका देखा और घटना की जानकारी गुजैनी पुलिस को दी।
पति से झगड़कर की आत्महत्या
जूही बंबुरहिया निवासी 40 वर्षीय सीमा ने पति राजेंद्र से विवाद के बाद फांसी लगाकर जान दे दी। मोहल्ले में ही रहने वाली सीमा की बड़ी बहन निरुपा ने बताया कि राजेंद्र और सीमा दोनों ने दूसरी शादी की थी। राजेंद्र मजदूरी करता है, जबकि सीमा बैग कारखाना में सिलाई करती थी। बुधवार रात दोनों में खाने को लेकर विवाद हुआ था।
उसके बाद सीमा ने पति से खाना खाने के लिए कहा तो उसने नहीं खाया। इसके बाद दोनों अलग-अलग कमरों में सो गए। देर रात सीमा के दरवाजा न खोलने पर राजेंद्र को संदेह हुआ तो उसने दरवाजा तोड़ा। अंदर सीमा फंदे से लटकी मिली। उसे उतारकर हैलट ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें- कानपुर के जाजमऊ में घर में डिलीवरी से बिगड़ी हालत, महिला की अस्पताल में मौत: मायके वालों ने मार डालने का लगाया आरोप
