गुजरात: कोविड अस्पताल में लगी भीषण आग, पांच की मौत, 28 झुलसे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

राजकोट। गुजरात में राजकोट शहर के मालविया नगर क्षेत्र में गुरुवार देर रात को एक कोविड अस्पताल में लगी भीषण आग में पांच लोगों की मौत हो गयी तथा अन्य 28 झुलस गये। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पांच लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। साथ ही प्रशासन से प्रभावित लोगों को हरसंभव …

राजकोट। गुजरात में राजकोट शहर के मालविया नगर क्षेत्र में गुरुवार देर रात को एक कोविड अस्पताल में लगी भीषण आग में पांच लोगों की मौत हो गयी तथा अन्य 28 झुलस गये। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पांच लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। साथ ही प्रशासन से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने को कहा है।

थाना प्रभारी के. एन. भुकान ने बताया कि आनंद बंगला चौक के निकट स्थित तीन मंजिला उदय शिवानंद कोविड सेंटर नाम के अस्पताल की पहली मंजिल पर अचानक आग लग गयी। अस्पताल में कुल 33 मरीज भर्ती थे। हादसे में आईसीयू में भर्ती 11 मरीजों में से पांच लोगों की मौत हो गयी जबकि अन्य आईसीयू के छह मरीजों सहित 28 लोग झुलस गए। झुलसे लोगों को अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान संजय अ. राठोड़ (57), रामसिंहभाई (65), नितिनभाई, केशुभाई ला. अकबरी (50) और रशिकलाल शां. अग्रावत (69) के रूप में हुयी है।

अग्निशमन विभाग के कर्मी ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की छह गाड़ियों के साथ दमकल कर्मी मौके पर पहुंच गए। दमकल कर्मियों ने करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आज सुबह आग पर काबू पा लिया। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अस्पताल में आग लगने से पांच मरीजों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने प्रधानमंत्री के हवाले से ट्वीट किया, “राजकोट में अस्पताल में आग लगने से हुई जनहानि से बेहद दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं इस त्रासदी में अपने प्रियजनों को खोने वालों के साथ हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रशासन प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित कर रहा है।”

राजकोट अस्पताल में आग की घटना पर कोविंद ने जताया दुख
राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट करके कहा, “गुजरात के राजकोट में अस्पताल में लगी आग के कारण कोविड संक्रमित मरीजों की मौत की घटना नि:शब्द करने वाली है।” उन्होंने कहा, “ऐसे दुखद समय में मैं पीड़ित परिवारों के प्रति हृदय से संवेदना प्रकट करता हूं। मैं घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की प्रार्थना भी करता हूं।”

राजकोट अग्निकांड पर नायडू ने दुख व्यक्त किया
उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने जारी एक संदेश में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने कहा, “गुजरात के राजकोट के एक कोविड अस्पताल में आग लगने से हताहत नागरिकों के विषय में जान कर गहरा दुख हुआ। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।”

संबंधित समाचार