गुना में हनुमान जयंती के जुलूस पर पथराव, मौके पर पुलिस बल तैनात, कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गुना। मध्यप्रदेश के गुना जिला मुख्यालय के एक क्षेत्र में हनुमान जयंती पर निकाले जा रहे जुलूस पर कथित तौर पर पथराव के बाद दो पक्षों में टकराव के चलते स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को सख्ती दिखाना पड़ी। अब क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। 

पुलिस सूत्रों के अनुसार शनिवार शाम को यहां कर्नलगंज क्षेत्र में एक धार्मिक स्थान के समीप हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान दो पक्षों में विवाद की स्थिति बनी और कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। इसके बाद दो पक्षों में जमकर टकराव हुआ और पथराव की घटनाएं हुयीं। 

पुलिस ने तत्काल सक्रिय होकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस बीच कुछ संगठनों के लोग इस घटना के विरोध में सड़क पर उतर आए। पुलिस ने प्रभावित क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। सूत्रों ने कहा कि देर रात पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात कर दिया। 

वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। एक पार्षद की शिकायत पर पुलिस ने कुछ लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस अब इस मामले के वीडियो के आधार पर भी आरोपियों की पहचान कर रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि उसकी प्राथमिकता शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना है। इसके साथ ही आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।  

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: अंबेडकर जयंती पर बदली रहेगी यातायात व्यवस्था, इन मार्गों पर जाने से बचें

संबंधित समाचार