शाहजहांपुर: कंबाइन ठीक कर रहे लोगों को ट्रक ने मारी टक्कर, तीन की मौत
अमृत विचार, शाहजहांपुर (अल्हागंज)। बरेली-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे हाईवे किनारे कंबाइन ठीक कर रहे छह लोगों को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। एक की हालत गंभीर होने पर मेडिकल …
अमृत विचार, शाहजहांपुर (अल्हागंज)। बरेली-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे हाईवे किनारे कंबाइन ठीक कर रहे छह लोगों को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। एक की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
बरेली के थाना शीशगढ़ क्षेत्र के गांव मलखाना निवासी इश्तियाक शुक्रवार को कंबाइन लेकर जालौन जा रहे थे। बरेली-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर थाना अल्हांज क्षेत्र में गांव ठिंगरी के पास कंबाइन खराब हो गई। कंबाइन में इश्तियाक के साथ जा रहे बरेली के शीशगढ़ के गांव कल्याणपुर निवासी रहीस (30) पुत्र मोहम्मद जफर, इसी गांव के गुड्डू (30) पुत्र शफी, जिला रामपुर के थाना कैमरी निवासी अमर सिंह (25) पुत्र नत्थूलाल, ऊधमसिंह नगर के किच्छा निवासी गजेंद्र व शाकिम कंबाइन ठीक करने लगे। तभी फर्रुखाबाद की तरफ से आए अनियंत्रित ट्रक ने कंबाइन में टक्कर मार दी।
हादसे में मौके पर ही रहीस और गुड्डू की मौत हो गई। जबकि अस्पताल ले जाते समय अमर सिंह ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। चालक इश्तियाक की तहरीर पर पुलिस ने चालक जसवीर सिंह निवासी खन्ना सिटी, लुधियाना, पंजाब के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हिरासत में लिया है। घटना की जानकारी पर परिजन मौके पर पहुंच गए। हादसे में घायल गजेंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है।
