बरेली जिला अस्पताल में बेड की मारामारी, हर वार्ड फुल, गर्मी बढ़ते ही हालात हो सकते हैं और खराब

बरेली, अमृत विचार: भीषण गर्मी का प्रकोप अभी दूर है, लेकिन बीमारियों ने तेजी से लोगों को अपनी गिरफ्त में लेना आरंभ कर दिया है। आलम ये है कि जिला अस्पताल की ओपीडी और आईपीडी में बीते साल मार्च की तुलना में इस साल मार्च माह में दस फीसदी का इजाफा हो गया है। जिला अस्पताल के सभी 326 बेड फुल हो गए हैं। अचानक बढ़ी मरीजों की संख्या से अस्पताल प्रबंधन में भी खलबली मच गई है। 40 बेड और बढ़ाने की व्यवस्था की जा रही है।
जिला अस्पताल से मिली रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2024 में मार्च माह में कुल 2012 मरीज भर्ती हुए और 31412 मरीजों को ओपीडी में उपचार दिया गया था लेकिन इस वर्ष मार्च से अप्रैल 10 तक 4034 मरीज भर्ती हो चुके हैं। वहीं ओपीडी में रिकॉर्ड 49802 मरीज इलाज के लिए पहुंचे हैं।
ये वार्ड हैं मरीजों से फुल
जिला अस्पताल में कुल 14 वार्ड हैं। वर्तमान में इमरजेंसी के सभी 24, हार्ट वार्ड के 10, ऑर्थो के 37, मेल मेडिकल के 10, फीमेल मेडिकल के 10 बेड मरीजों के लिए आरक्षित जो की फुल हो गए हैं। अन्य वार्डों की भी स्थिति यही है। प्रबंधन बेड बढ़ाने की तैयारियों में लग गया है।
एक बेड पर दो-दो बच्चे भर्ती करने नौबत
जिला अस्पताल का बच्चा वार्ड भी फुल है। गुरुवार को बच्चा वार्ड के 26 बेड पर 27 बच्चों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। रोजाना 10 से 12 नये मरीज भर्ती होने के लिए पहुंच रहे हैं जबकि स्वस्थ होकर डिस्चार्ज होने वाले बच्चों की संख्या कम है। सर्वाधिक बच्चे बुखार और डायरिया की चपेट में आ रहे हैं।
सर्वाधिक सांस, डायरिया और बुखार के मरीज
इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. शैलेष रंजन के अनुसार 15 दिनों से इमरजेंसी वार्ड में आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है। तीन दिन में 120 से अधिक मरीज आए जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद संबंधित वार्डों में शिफ्ट कराया गया है। इन मरीजों में गंभीर सांस, डायरिया और बुखार के रोगियों की संख्या अधिक है।
भीषण गर्मी में हालात होंगे खराब
गर्मी की शुरुआत है। अभी से बेड फुल हो गए हैं। मई-जून से भीषण गर्मी की संभावना मौसम विभाग जता रहा हैं। तब मरीजाें की संख्या अप्रत्याशित रूप से बढ़ सकती है। अभी जैसे हालात है उससे लगता है कि जिला अस्पताल प्रबंधन को मरीजों को भर्ती करने में भारी परेशानी उठानी पड़ सकती है।
एल्डर्ली वार्ड हो रहा तैयार, बढ़ाए जाएंगे बेड
जिला अस्पताल की एडीएसआईसी डॉ. अलका शर्मा ने बताया कि मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते अतिरिक्त बेड तैयार करा लिए गए हैं। एल्डर्ली समेत अन्य वार्डों में मरीजों को भर्ती करने के लिए बेड डलवाने के साथ ही अन्य संसाधन भी शुक्रवार तक पूर्ण कर लिए जाएंगे। मरीजों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
ये भी पढ़ें- Bareilly: मुन्नी की फेर में उलझी पुलिस! बेकसूर महिला को भेजा जेल, पता चला तो पैरों तले खिसकी जमीन