कासगंज: ट्रैक्टर निकालने को लेकर बवाल, जमकर चले ईंट-पत्थर, एक की मौत
सिढ़पुरा, अमृत विचार: थाना क्षेत्र के गांव नगला कोठी में ट्रैक्टर निकालने को लेकर जमकर बवाल हुआ। इस दौरान चले ईंट, पत्थर और लाठी-डंडों से तीन लोग घायल हो गए। वहीं, एक व्यक्ति ने उपचार हेतु जिला अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
शनिवार रात्रि 9:00 बजे गांव नगला कोठी, थाना सिढ़पुरा, जनपद कासगंज निवासी प्रेमपाल पुत्र लाखन सिंह शाक्य और भारत सिंह पुत्र भगवान सहाय शाक्य ट्रैक्टर से खेत का लॉक निकालकर घर वापस आ रहे थे। रास्ते में गांव के ही रमेश चंद्र यादव पुत्र इंद्र सिंह के घर पर लड़के की शादी के मंडप की दावत चल रही थी। डीजे बज रहा था। इसी दौरान रास्ते में ट्रैक्टर निकालने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट हो गई।
घटना की जानकारी पर तेज सिंह पुत्र भगवान सिंह (कोटा डीलर), उम्र 45 वर्ष, मौके पर पहुंच गए। तभी यादव समाज के लोगों द्वारा छत पर चढ़कर पथराव कर दिया गया। इस दौरान तेज सिंह के सिर में ईंट लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रेमपाल और भारत को भी चोटें आईं।
सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तेज सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय कासगंज रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही तेज सिंह की सांसें थम गईं।
प्रकरण में पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
यह भी पढ़ें- कासगंज: यूपी बोर्ड के छात्रों को मिलेगा नया अनुभव, इन 3 तरीकों से देख पाएंगे रिजल्ट
