सुलतानपुर: स्कूल जा रहे शिक्षक को बेकाबू ट्रक ने कुचला, शिक्षा जगत में शोक की लहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोसाईगंज/सुलतानपुर, अमृत विचार। गोसाईगंज थाना क्षेत्र के इटकौली चौराहे पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। जूनियर हाईस्कूल बैदहा में कार्यरत शिक्षक सौरभ कुमार की उस समय मौत हो गई, जब वह अपने विद्यालय की ड्यूटी पर जा रहे थे और एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

प्रतिदिन की तरह सोमवार सुबह भी सौरभ कुमार अपने स्कूल के लिए निकले थे। जैसे ही वह इटकौली चौराहे पर पहुंचे, एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए स्थानीय लोगों ने तुरंत गोसाईगंज पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ट्रक को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से जिले के शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

विद्यालय के सहयोगी शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अभिभावक गहरे दुःख में हैं। सौरभ कुमार के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। स्थानीय नागरिकों और शिक्षक संगठनों ने प्रशासन से ट्रक चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि आगे इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

बता दें कि सौरभ सिंह पूरे दरबार (गांव) अंबेडकरनगर के मूल निवासी थे। इनके पिता स्वर्गीय समरबहादुर सिंह एडेड जूनियर विद्यालय में कार्यरत थे। उनकी मृत्यु के पश्चात इनकी नियुक्ति हुई थी। इनकी उम्र लगभग 30 वर्ष थी और ये विनोबापुरी सुल्तानपुर में रहते थे। इनकी शादी दो वर्ष पहले हुई थी।

प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री 

राम आशीष मौर्य ने कहा कि सौरभ कुमार को समाज ने एक समर्पित शिक्षक के रूप में खो दिया, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।

संबंधित समाचार