बलरामपुर अस्पताल का ऑक्सीजन प्लांट फिर खराब, जंबो सिलेंडर से शुरू कराई ऑक्सीजन की आपूर्ति
लखनऊ, अमृत विचार : बलरामपुर अस्पताल का बड़ा ऑक्सीजन प्लांट एक बार फिर खराब हो गया है। प्लांट खराब होते ही आनन-फानन जंबो सिलेंडर से आपूर्ति शुरू कराई गई। अस्पताल प्रशासन का कहना है ऑक्सीजन प्लांट को सही करवाने के लिए निजी कंपनी के इंजीनियरों को सूचना दे दी गई है।
बलरामपुर अस्पताल में 776 बेड पर मरीजों को भर्ती कर इलाज दिया जाता है। अस्पताल में दो ऑक्सीजन प्लांट लगे हैं। इन प्लांट से इमरजेंसी, आईसीयू समेत दूसरे कई वार्डों में ऑक्सीजन आपूर्ति की जाती है। इनमें से 990 एमएलडी का बड़ा वाला ऑक्सीजन प्लांट सोमवार दिन में खराब हो गया है। प्लांट खराब होने से वार्डों में ऑक्सीजन की आपूर्ति प्रभावित होनी शुरू हो गई है। वार्डों से ऑक्सीजन आपूर्ति बाधित होने की जानकारी मिलते ही अस्पताल के अफसरों ने जंबो सिलेंडर भिजवाने शुरू किए, जिससे वार्डों में ऑक्सीजन आपूर्ति सामान्य रूप से शुरू हो सकी।
कोविड महामारी के दौरान बलरामपुर अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगवाए गए थे। इन प्लांट से वार्डों में ऑक्सीजन की आपूर्ति की जाती रही है। करीब पांच साल में यहां लगे दोनों ही प्लांट कई बार खराब हो चुके हैं। हाल में ही चार माह पहले दिसंबर में ऑक्सीजन प्लांट खराब हुए थे, जिसमें से एक प्लांट करीब 25 दिन बाद बनाया जा सका था। स्वास्थ्य विभाग से संबद्ध निजी कंपनी सॉयरेक्स के इंजीनियर कई बार दोनों प्लांट को सही कर चुके हैं। चंद दिनों में ही ऑक्सीजन प्लांट खराब हो जा रहे हैं।
बड़ा ऑक्सीजन प्लांट खराब हुआ है। इंजीनियरों को जानकारी दे दी गई है। जल्द ही प्लांट को सही करवाया जाएगा। वार्डों में आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रखने के लिए जंबो सिलेंडर से ऑक्सीजन पहुंचाई गई। किसी मरीज को ऑक्सीजन की वजह से परेशानी नहीं हुई है।
डॉ. हिमांशू चतुर्वेदी, एमएस बलरामपुर अस्पताल
