Bareilly: फर्जी पासबुक, झूठे वादे और लूट! 250 लोगों से ठगी मामले में डाकघर एजेंट के बेटों और बहू पर FIR

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार : उप डाकघर सुर्खा बानखाना में एजेंट रहते इंदिरा जौहरी ने खाताधारकों से करोड़ों रुपये की ठगी की थी। उनकी आत्महत्या के बाद जब खाता धारक उप डाकघर पहुंचे तो मामला प्रकाश में आया। आरोप है कि उन्होंने खाता धारकों की रकम से अपने दो बेटों और बहू के नाम पर करोड़ों की संपत्ति बनाई। इस प्रकरण में एक व्यक्ति की तहरीर पर प्रेमनगर पुलिस ने एजेंट के बेटों और बहू के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है।

किला क्षेत्र के गुद्दड़बाग डी मास्टरान गली निवासी सत्येंद्र जैन और कर्मचारीनगर निवासी मीना सक्सेना ने एडीजी को शिकायती पत्र दिया कि प्रेमनगर के मोहल्ला चाहवाई निवासी इंदिरा जौहरी 40 साल से पोस्ट ऑफिस में एजेंट थीं। उन पर लोगों को काफी भरोसा था इसलिए उनके जरिये खाते खुलवाकर काफी रुपये जमा कराने को दिए। 24 मार्च 2025 को इंदिरा जौहरी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी।

उनकी मौत के बाद लोग उप डाकघर पहुंचे तो पता चला कि रुपये जमा ही नहीं किए गए। इंदिरा जौहरी ने करीब 250 लोगों को ठगी का शिकार बनाया है। इस घपले में उनके बेटे ईशान, सुंदरम और पुत्रवधू कायनात सैफी उर्फ कायनात जौहरी भी शामिल हैं। एडीजी के आदेश पर इज्जतनगर पुलिस ने ईशान, सुंदरम और कायनात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तीन वर्षों से जमा नहीं की किस्तें
सतेंद्र जैन और मीना सक्सेना ने आराेप लगाया कि इंदिरा ने तीन वर्ष पहले से घपला शुरू कर दिया था। वह लोगों से उनके खातों में रुपये जमा करने के लिए अपने बेटे सुंदरम, ईशान और पुत्रवधू कायनात के खातों में ऑनलाइन रुपये डलवाती थीं। सतेंद्र के 5 लाख रुपये और मीना सक्सेना के 15 लाख रुपये आरोपियों ने हड़प लिए। जांच की जाए तो कई करोड़ रुपये का घोटाला सामने आ सकता है।

बना देती थीं फर्जी पासबुक
खाता धारकों ने बताया कि एजेंट इंदिरा जौहरी के पास 250 लोगों के एफडी और आरडी के खाते थे। उन्होंने भरोसे का जमकर लाभ उठाया। उप डाकघर के कर्मचारियों से मिलकर ब्लैंक पासबुक ले रखी थीं। किस्तें लेने के बाद वह इन्हीं पासबुक में फर्जी इंट्री कर देती थीं। समयावधि पूरी होने वाले लोगों ने रुपये विड्राल कराने को कहा। इस पर वह टालमटोल करने लगीं। 24 मार्च को जहर खाकर आत्महत्या कर ली।

करोड़ों की ठगी का आरोप
इंदिरा जौहरी पर करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप है। प्रेमनगर क्षेत्र के लोगों से करीब 80 लाख रुपये की ठगी की है। एक महिला ने बताया कि उनसे 38 लाख रुपये की ठगी है। मीना सक्सेना के 15 लाख, स्नेहलता के 13.50 लाख, उमेंद्र जैन के 3.5 लाख, सतेंद्र जैन से 5 लाख रुपये समेत अन्य लोगों से करोड़ों की ठगी की।

सुसाइड नोट में लिखी थी कर्ज की बात
60 वर्षीय एजेंट इंद्रा जौहरी बेटे ईशान, सुंदरम और पुत्रवधु कायनात के साथ रहती थीं। बेटे ने पुलिस को बताया कि मां के शव के पास एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें उन्होंने लिखा कि पति ने तीन-चार लोगों से कर्जा लिया था। उन्होंने अपने ग्राहकों के पैसे भी डाकघर से निकालकर आरोपियों को दे दिए, लेकिन वे लगातार धमकी दे रहे हैं। अब भी उन पर करोड़ों रुपये का बकाया है। इस वजह से खुदकुशी कर रही हैं।

यह भी पढ़ें- Bareilly: हर्ष फायरिंग या हादसा? बारात में गोली से घायल युवक की मौत, परिजनों और पुलिस के बयान अलग

संबंधित समाचार