बरेली: मतदाताओं को रिझाने के लिए लगाई वादों की झड़ी
बरेली,अमृत विचार। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए मतदान में सिर्फ दो दिन बचे हैं। मुख्यालय से बूथ स्तर तक सियासी दलों ने ताकत झोंक दी है। विधानसभा चुनाव की तर्ज पर यह चुनाव लड़ा जा रहा है। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशियों को भी कम नहीं आंका जा रहा। इनकी पूरी रणनीति प्रचार अभियान के साथ-साथ …
बरेली,अमृत विचार। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए मतदान में सिर्फ दो दिन बचे हैं। मुख्यालय से बूथ स्तर तक सियासी दलों ने ताकत झोंक दी है। विधानसभा चुनाव की तर्ज पर यह चुनाव लड़ा जा रहा है। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशियों को भी कम नहीं आंका जा रहा। इनकी पूरी रणनीति प्रचार अभियान के साथ-साथ मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाने पर केंद्रित है।
भाजपा अपने मजबूत प्रबंधन के बल पर जीत के सिलसिले को कायम रखना चाहती है तो सपा ने भी बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की टीम बनाई है। सपा जिलाध्यक्ष अगम मौर्य का कहना है पार्टी की ओर से बूथ स्तर पर टीम बनाई गई है। जीत हासिल होने पर वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय दिलाने की बात कहकर शिक्षकों को रिझाया जा रहा है। अंतिम दिनों में जनसंपर्क अभियान भी तेज कर दिया गया है।
इधर, भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों के समर्थन में पूर्व कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह शिक्षकों से वोट देने की अपील कर रहे हैं। इधर, निर्दलीय प्रत्याशी राजेंद्र गंगवार वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय समेत कई अन्य मुद्दों के साथ मैदान में हैं। जीत हासिल करने के लिए सोशल मीडिया का भी खूब सहारा लिया जा रहा है।
संजय मिश्रा के समर्थन में विद्यालयों का किया भ्रमण
सपा के महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी के नेतृत्व में शनिवार को महानगर की टीम ने मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, जवाहर इंटर कॉलेज, राजू हायर सेकेंडरी स्कूल, स्प्रिंगडेल इंटर कॉलेज, तिलक इंटर कॉलेज आदि स्कूलों में पहुंचकर शिक्षकों से मुलाकात की और सपा प्रत्याशी संजय मिश्रा के पक्ष में मतदान की अपील की।
इस मौके पर महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा की सबसे अधिक काम शिक्षा के क्षेत्र में एवं शिक्षकों के लिए अखिलेश यादव की सपा सरकार में हुए थे, सपा की नीतियां शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखकर बनती थी,आज कोई भी वर्ग वर्तमान भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार से खुश नहीं है।
