रामपुर में बोले योगी के मंत्री-बस 2029 का इंतजार...फिर 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' को रहें तैयार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि एक राष्ट्र, एक चुनाव की व्यवस्था 2029 में लागू हो जाएगी। लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ होंगे। इसमें जहां सरकार का कार्यकाल अधिक होगा, उसका कार्यकाल कम किया जाएगा और जहां सरकार का कार्यकाल खत्म होगा, उसे बढ़ा दिया जाएगा। इन चुनावों के सौ दिन के भीतर निकाय चुनाव और पंचायत चुनाव भी हो जाएंगे। देश में एक चुनाव होने से पैसा और समय दोनों बचेगा। 

सांवरिया फार्म हाउस में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि एक राष्ट्र-एक चुनाव होने से श्रम भी कम करना पड़ेगा। कार्यक्रम के संयोजक पूर्व सांसद घनश्याम सिंह लोधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रहित में यह महत्वपूर्ण कदम उठा रहे हैं। एक राष्ट्र-एक चुनाव से देश को दोहरा लाभ होगा। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी। उन्होंने बताया कि यह कोई नई अवधारणा नहीं है। स्वतंत्र भारत में 1951 से 1967 तक लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ होते थे। कुछ विधानसभाओं के समय पूर्व भंग होने से यह व्यवस्था रुक गई। 

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार इस दिशा में फिर से प्रयास कर रही है। भाजपा के जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने कहा कि मोदी सरकार आतंकियों और उनके समर्थकों को समाप्त करेगी। उन्होंने धर्म के आधार पर एकजुटता की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार की योजनाओं का जिक्र किया। कार्यक्रम में नगर विधायक आकाश सक्सेना, मिलक विधायक राजबाला,  सूर्य प्रकाश पाल, सुनीता सैनी, कृष्णावतार लोधी, देवेंद्र चौधरी सहित भाजपाई मौजूद रहे।

संबंधित समाचार