कन्नड़ लोगों की भावनाओं को ‘ठेस’ पहुंचाने के आरोप में गायक सोनू निगम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बेंगलुरु। बेंगलुरु में हाल ही में एक संगीत कार्यक्रम के दौरान कन्नड़ लोगों की भावनाओं को कथित तौर पर ठेस पहुंचाने के लिए गायक सोनू निगम के खिलाफ शनिवार को शहर के अवलहल्ली पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई। यह शिकायत कन्नड़ समर्थक संगठन ‘कर्नाटक रक्षण वेदिके’ (केआरवी) द्वारा दर्ज करायी गई है। 

कार्यक्रम के दौरान एक दर्शक द्वारा कन्नड़ में गाना गाने की मांग करने पर निगम ने कहा था,‘‘कन्नड़..कन्नड़... पाहलगाम में हुई घटना के पीछे यही वजह है।’’ यह घटना 25 अप्रैल को बेंगलुरु के एक कॉलेज में आयोजित संगीत समारोह के दौरान हुई। केआरवी के अध्यक्ष धर्मराज अनंतैया ने अपनी शिकायत में कहा कि निगम की टिप्पणी ने न केवल कन्नड़ समुदाय की भावनाओं को आहत किया बल्कि कर्नाटक में विभिन्न भाषाई समूहों के बीच घृणा पैदा करने का प्रयास किया। 

उन्होंने आरोप लगाया कि कन्नड़ गीत गाने के अनुरोध को आतंकवादी कृत्य से जोड़कर निगम ने न केवल कन्नड़ लोगों का अपमान किया है, बल्कि उनके सांस्कृतिक गौरव और भाषाई पहचान को हिंसा और असहिष्णुता से जोड़ दिया। अनंतैया के अनुसार, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और विभिन्न समाचार चैनलों पर दिखाया गया है, जिससे देश के अन्य हिस्सों में कन्नड़ लोगों पर हमलों की आशंका भी बढ़ी है। 

वीडियो में, निगम को यह भी कहते हुए सुना जा सकता है कि उनके करियर के कुछ बेहतरीन गाने कन्नड़ में हैं और कर्नाटक ने हमेशा उन्हें परिवार की तरह प्यार दिया है, लेकिन जिस व्यवहार के साथ उनसे कन्नड़ में गाने की मांग की गई, उससे उन्हें निराशा हुई।  

संबंधित समाचार