बदायूं : अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत, छह घायल

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

कोतवाली बिल्सी और थाना उसावां, मुजरिया क्षेत्र में हुए हादसे

बिल्सी/म्याऊं, अमृत विचार। तीन थाना क्षेत्र में सड़क हादसों में चार युवकों की मौत हो गई कि एक छह घायल हो गए। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मौत के बाद परिजनों में चीत्कार मचा है।

बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के गांव बाकरपुर निवासी अमित (21) बाइक से गांव खितौरा निवासी भूदेव (70) और उनके पोते निखिल (14) के साथ बुधवार रात शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव उलैइया जा रहे थे। गांव सतेती के पास सामने से तेज रफ्तार से आई दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे में अमित की मौके पर मौत हो गई जबकि भूदेव व निखिल गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक सवार मौके से भाग गए। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। तीनों को बिल्सी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने अमित को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां भूदेव ने भी दम तोड़ दिया। निखिल का इलाज चल रहा है।

दूसरा हादसा उसावां थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर हुआ। जिला शाहजहांपुर के थाना जलालाबाद क्षेत्र के गांव खडार निवासी अर्जुन (19) अपने दोस्त जितेंद्र और रामवीर के साथ अपने रिश्तेदार गांव सांड़ी निवासी रंजीत पुत्र भूरे लाल शादी से वापस लौटकर अपने घर जा रहे थे। गांव अभिगांव के पास तेज रफ्तार से आई ईको कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अर्जुन की मौके पर मौत हो गई जबकि बाइक सवार रामवीर और जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने कार रोक ली लेकिन उसका चालक भाग गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। म्याऊं पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। तीनों युवकों को अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने अर्जुन को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है।

तीसरा हादसा मुजरिया थाना क्षेत्र में हुआ। गांव शेखा नगला निवासी विजेंद्र (25) दिल्ली में रहकर ड्राइवरी करते थे। उनकी भतीजी निशा की शादी थी। जिसके चलते वह बुधवार रात वह अपने साले राजेंद्र, उनकी तीन बेटियों के साथ गांव लौट रहे थे। रात लगभग एक बजे वह थाना मुजरिया के पास बस से उतरे और पैदल अपने गांव जा रहे थे। रास्ते में लहरा पुलिया के पास किसी वाहन ने विजेंद्र को टक्कर मार दी। विजेंद्र की मौके पर मौत हो गई। साले की तीन बेटियां घायल हो गईं। घायलों को भर्ती कराया गया है। मौत के बाद परिवारों में कोहराम मचा है।

ये भी पढ़ें - बदायूं: बारात के साथ आए रंगशाला के कलाकार की करंट लगने से मौत

संबंधित समाचार