बरेली: लव जिहाद का आरोपी तीसरे दिन भी नहीं आया हाथ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। देवरनियां के शरीफ नगर में लव जिहाद के आरोपी उवैस को पुलिस तीन दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस करने में लगी है लेकिन अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं आया है। पुलिस ने उसके रिश्तेदारों को पूछताछ के लिए पकड़ा है। उसके रिश्तेदारियों में भी …

अमृत विचार, बरेली। देवरनियां के शरीफ नगर में लव जिहाद के आरोपी उवैस को पुलिस तीन दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस करने में लगी है लेकिन अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं आया है। पुलिस ने उसके रिश्तेदारों को पूछताछ के लिए पकड़ा है। उसके रिश्तेदारियों में भी पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों ने पूरे मामले की रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी है।

बता दें कि देवरनियां के शरीफ नगर निवासी एक पिता ने गांव के रहने वाले उवैस पर बेटी को परेशान करने और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया था। उसी दिन लव जिहाद को लेकर बने कानून को राज्यपाल ने मंजूरी दी थी जिसके चलते पुलिस ने उसके खिलाफ विधि विरुद्ध धर्म सम्परिवर्तन प्रतिषेध अध्याधेश की धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद से पुलिस उसकी गिरफ्तारी में जुट गई।

अध्याधेश लागू होने के बाद पहला मामला दर्ज होने के बाद डीजीपी ऑफिस से भी रिपोर्ट तलब की गई तो प्रभारी एसएसपी एसपी देहात डा. संसार सिंह थाना पहुंचे थे और सीओ व थाना प्रभारियों के साथ मीटिंग कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने लड़की को बहला-फुसला कर घर से भगाकर मुंबई भेजा था।

पुलिस ने लड़की को बरामद किया था लेकिन उसने उवैस के खिलाफ कोई बयान नहीं दिया था जिसके चलते उवैस खुलेआम घूम रहा था। पिता ने परेशान होकर उसकी शादी कर दी थी लेकिन उसके बाद भी उवैस परेशान कर रहा था। तीन दिन पहले भी जब बेटी घर आयी थी तो उवैस तमंचा लेकर धमकाने पहुंचा था तो पुलिस ने शिकायत दर्ज की थी।

वहीं, इज्जतनगर में लव जिहाद के मामले में पहले से एफआईआर दर्ज होने के चलते पुलिस विधि विरुद्ध धर्म सम्परिवर्तन प्रतिषेध अध्याधेश की धारा नहीं जोड़ी जाएगी। पुलिस ने इस मामले के आरोपी ताहिर को पहले ही जेल भेज दिया है। ताहिर के खिलाफ शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने व अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी।

लव जिहाद की पहली एफआईआर दर्ज होने के बाद यह मामला फिर से चर्चा में आ गया। सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर ट्वीट शुरू हुए तो पुलिस अधिकारियों ने इस पर जवाब दिए। एसपी देहात संसार सिंह ने बताया कि इस मामले में पहले ही रिपोर्ट दर्ज हो चुकी थी जिसके चलते लव जिहाद के तहत रिपोर्ट दर्ज नहीं होगी।

संबंधित समाचार