मुरादाबाद: कपूर कंपनी पुल पर गर्डर रखने का कार्य पूरा, पुल जुलाई में हो जाएगा तैयार
मुरादाबाद, अमृत विचार: लाइनपार के लोगों की सुविधा के लिए बन रहे कपूर कंपनी के नये पुल के निर्माण का बड़ा कार्य रविवार को पूरा हो गया। रेलवे लाइन क्षेत्र में पुल का गर्डर खंभों पर रख दिया गया। इसके चलते सुबह 11:15 से दोपहर 3:15 बजे ट्रेनों का संचालन रोका गया। परिचालन कारणों से दिल्ली से डिब्रूगढ़ के बीच चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस दूसरे प्लेटफार्म से संचालित की गई।
नये कपूर कंपनी पुल बनाने के लिए रेल ब्लॉक के दूसरे दिन मंडल मुख्यालय पर ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से प्रभावित रहा। डाउन दिशा की ओर जाने वाली अवध असम एक्सप्रेस के स्टेशन पहुंचने के बाद 11:15 बजे रेल ब्लॉक प्रभावी किया गया। दोपहर एक बजे तक दो हिस्से में तैयार गर्डर पोल पर रख दिए गए।
राजकीय रेलवे थाना प्रभारी रविंद्र वशिष्ठ, आरपीएम पोस्ट प्रभारी अरुण कुमार ने टीम के साथ रेल ब्लॉक के दौरान क्षेत्र में मुश्तैदी बढ़ाई। सीनियर डीईएन सिविल और अन्य विभागीय अफसर सतर्क हो गए। इस दौरान हाई पावर हाइड्रोलिक और क्रेन की मदद से गर्डर उठाए गए।
रेल पटरी से लेकर आसपास के इलाके में भारी सुरक्षा बंदोबस्त रहा। दोपहर के एक बजे मंडल रेल प्रबंधक राजकुमार सिंह ने ब्रांच अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर गर्डर लांचिंग देखी और टीम के सदस्यों ने बात की। डीआरएम ने निर्धारित समय में काम करने वाली टीम को बधाई दी। वहीं सीनियर डीईई की निगरानी में ओएचई मरम्मत की गई।
दो यान से टीम ने प्लेटफार्म संख्या एक से दो की लाइनों की जांच की। कमजोर वायर बदले गए। सिविल वर्क के रेल ब्लॉक का अन्य विभागों ने फायदा उठाया। स्टेशन अधीक्षक महेंद्र कुमार ब्लॉक के दौरान ट्रेनों के परिचालन के लिए सतर्क रहे और यात्रियों को परेशानी नहीं होने दी।
डीआरएम राजकुमार सिंह ने बताया कि कपूर कंपनी पुल निर्माण के लिए रेलवे लाइन क्षेत्र में गर्डर रखने का कार्य पूरा हो गया। अन्य कार्य के लिए अभी ढाई से तीन महीने का समय लगेगा। इस पुल को जुलाई के आखिर तक तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- मुरादाबाद: कपलिंग टूटने से दो हिस्सों में बटी मालगाड़ी, आधा घंटे प्रभावित हुआ रेल संचालन
